नीट पेपर लीक प्रकरण में कांग्रेस ने फूंका मोदी सरकार का पुतला, पूर्व विधायक ठुकराल ने अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना
रुद्रपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक और अव्यवस्थाओं को लेकर विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। गुरुवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता डीडी चौक पर एकत्रित हुए और उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भारत सरकार की राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा देश के 551 शहरों तथा विदेशों के 14 शहरों में आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा में भारी लापरवाही देखने को मिली हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में व्यापक अनियमितताओं के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था की साख प्रभावित हो रही है और छात्रों का भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी पेपर लीक की घटनाओं के बाद परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के बड़े बड़े दावे किए गए थे, लेकिन दो वर्ष के भीतर ही फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 2024 के पेपर लीक प्रकरण के बाद गठित उच्च स्तरीय समिति ने परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित कराने की सिफारिश की थी। एनटीए द्वारा इस दिशा में व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई थी, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही और समन्वय की कमी के चलते यह योजना प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा केंद्र सरकार द्वारा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
