रुद्रपुर में आदि कैलाश यात्रियों के जत्थे का भव्य स्वागत, महापौर के नेतृत्व में त्रिशूल चौक पर किया अभिनंदन, महापौर ने कहा शहर में भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी
रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड के पौराणिक और आध्यात्मिक वैभव की प्रतीक ‘आदि कैलाश यात्रा’ पर निकले श्रद्धालुओं के जत्थे का रुद्रपुर पहुंचने पर जोरदार अभिनंदन किया। गुजरात सहित अन्य स्थानों से सम्मानितआए इन यात्रियों का महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में अमरनाथ जी सेवा मंडल के पदाधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धार्मिक उद्घोषों के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन के दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। स्वागत सत्कार के उपरांत सभी तीर्थयात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ अगले पड़ाव के लिए विदा किया गया।
आदि कैलाश दर्शन की अभिलाषा लेकर निकले यात्रियों का यह जत्था बुधवार को रुद्रपुर पहुंचा। जहां मॉडल कॉलोनी में स्वागत किया गया। इसके बाद शहर के प्रमुख त्रिशूल चौक पर सामूहिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें महापौर विकास शर्मा के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का सत्कार किया। जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में हिरेन नड्या,नवी,नवीन डोडिया, नीला डोडिया,किरन सिंह, विजय सिंह,महेश भाई,भावना चौहान,रीटा बेन,दीपक,माधवी, मानसी,सोनी, दमयंती बेन, मीता बेन,अनूप,हीर,रश्मि बेन, बेदांश,रमेश,विक्रम,उर्मिला बेन, मीना बेन,अजीत, निकिता बेन सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
इस अवसर पर महापौर ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि आदि कैलाश की यात्रा अत्यंत अद्भुत है और इस पवित्र धाम के दर्शन का अवसर मिलना बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस तीर्थ स्थल की यात्रा कर इसके धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व को वैश्विक पटल पर स्थापित किया है। महापौर ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यात्रा मार्गों और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता हो रही है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में देवभूमि की पहचान निरंतर सशक्त हो रही है। चारधाम यात्रा के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के आदि कैलाश, जागेश्वर धाम, नीम करोली महाराज, हाट कालिका मंदिर और गोल्ज्यू महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार पर्यटन के साथ तीर्थाटन को बढ़ावा देकर प्रदेश की आर्थिकी को भी मजबूती प्रदान कर रही है। रुद्रपुर को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन शहर को एक विशिष्ट धार्मिक पहचान देने के लिए संकल्पित है, जिसके तहत त्रिशूल चौक का निर्माण किया गया है और शीघ्र ही डमरू चौक सहित अन्य धार्मिक प्रतीक शहर की शोभा बढ़ाएंगे।

भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से रुद्रपुर में शिव कॉरिडोर को एक विशाल तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इस दौरान धीरेंद्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला,तरुण दत्ता,सुरेश छाबड़ा, मन्नू चुघ, निशांत ढल्ला, अंकित नरूला, अजय लूथरा, अमित अरोरा आदि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
