पूर्वी किच्छा बहुद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति बरा का शपथ समारोह आयोजित
मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व विधायक शुक्ला ने नवनिर्वाचित संचालक मंडल को शपथ दिलाई
किच्छा। पूर्वी किच्छा बहुद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति बरा में आयोजित अध्यक्ष,उपाध्यक्ष समेत संचालक मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
इस दौरान पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि सहकारी समितियों के हालिया चुनावों में किच्छा–रुद्रपुर क्षेत्र की अधिकांश समितियों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संचालकों का निर्विरोध या एकतरफा निर्वाचन यह दर्शाता है कि कृषक वर्ग का भाजपा पर गहरा विश्वास एवं लगाव है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक लाभ का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, विश्वास और सामूहिक विकास का सशक्त मॉडल है। सहकारी समितियों का मूल उद्देश्य सदस्यों के हितों की रक्षा करना और उन्हें सशक्त बनाना है। समिति का स्वामित्व एवं संचालन उसके सदस्यों के हाथों में होता है। जिससे पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित होती है। प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड की 670 किसान सेवा सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण पूर्ण हो चुका है, जिससे उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना साकार किया जा सकता है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए एक लाख रुपये तथा कृषि कार्यत्तर गतिविधियों के लिए तीन लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं स्वयं सहायता समूहों को भी पांच लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मिलेट्स सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के लिए किसानों को लगभग 25 करोड़ रुपये का भुगतान सहकारी समितियों के माध्यम से किया गया है।
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, उनके लिए बाजार विकसित करने तथा युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य करें। सरकार सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण, विकास एवं समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर तत्पर रहेगी। परिणामस्वरूप भविष्य में अमूल और इफको की तर्ज पर नए सहकारी उपक्रम स्थापित होंगे और किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। शपथ ग्रहण में अध्यक्ष अमरजीत कौर,उपाध्यक्ष हरीश कुमार एवं संचालक,लक्ष्मी देवी, महेंद्र कुमार,सर्वजीत कौर, जसविंदर कौर,दिलबाग सिंह, शर्वरी, श्रवण कुमार, राम उजागर, तौफीक अहमद, मोहन स्वरूप ने शपथ ली। कार्यक्रम को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार एवम ब्लॉक प्रमुख पति जितेंद्र गौतम ने भी संबोधित किया। इस दौरान कार्यक्रम में सत्यभान, रामनारायण,परमिंदर सिंह,सुरेंद्र पपनेजा, अमरजीत सिंह, हरविंदर सिंह, मनोज कुमार, सत्यवान, चंद्रपाल गंगवार, बलविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
