रामपुर कारखाना यूपी भाजपा के पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला का निधन,शोक की लहर
कल होगा हरिद्वार में प्रह्म मुहूर्त में संस्कार
रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर कारखाना देवरिया के पूर्व भाजपा विधायक कमलेश शुक्ला का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन की सूचना लगते ही ऊधम सिंह नगर में राजनीतिक दलों सहित विभिन्न संगठन से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्ला फार्म रुद्रपुर निवासी कमलेश शुक्ला का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार अपराह्न करीब दो बजे उनका निधन हो गया। परिजनों के मुताबिक उनका संस्कार कल हरिद्वार में सुबह ब्रह्म मुहूर्त में होगा| कमलेश वर्ष, 2017 में भाजपा टिकट से रामपुर कारखाना देवरिया विधानसभा से चुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्होंने क्षेत्र में काफी विकास कार्य कराए।मूल रूप से देवरिया के भेड़ी शुक्ल गांव के निवासी कमलेश शुक्ला ने रुद्रपुर उत्तराखंड को अपनी कर्मभूमि बना लिया था। एक लंबे सार्वजनिक जीवन के साथ में वह उत्तर प्रदेश राइस मिलर संगठन के कई बार अध्यक्ष रहे। अखिल भारतीय राइस मिलर संगठन के उपाध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयोजक रहे| कमलेश शुक्ला गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय की कार्य समिति के सदस्य रहते हुए विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति को सुधारने का उल्लेखनीय प्रयास किया था। उनके पीछे एक भरा पूरा परिवार है| शुक्ला तीन भाई और एक बहन थी। शुक्ला के तीन लड़के और एक बेटी हैं| उनके ज्येष्ठ पुत्र संजीव शुक्ला देवरिया उत्तरप्रदेश भाजपा के सक्रिय नेता हैं| दूसरे पुत्र राजीव शुक्ला तथा कनिष्ठ पुत्र अनूप शुक्ला रुद्रपुर उत्तराखंड में है। उनकी एक बेटी है और दामाद बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं| उनके निधन से देवरिया तथा रुद्रपुर उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई| तमाम राजनीतिक कार्यकर्ताओं सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।वह भाजपा के एक निष्ठावान कार्यकर्ता थे। पार्टी को मजबूत करने के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। उनके आवास पर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
