खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने जीते दो पदक
दमन,दीव, दादरा और नगर हवेली में 5 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित हुई खेलो इंडिया बीच गेम्स प्रतियोगिता
रुद्रपुर। दमन,दीव, दादरा और नगर हवेली में 5 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में उत्तराखंड के 5 सीनियर महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने पेंचक सिलाट खेल में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते। ईशु भारती ने 50-55 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता, जबकि चेतन प्रजापति ने 70-75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया।उत्तराखंड टीम के चीफ डी मिशन रविंद्र भंडारी और नोडल अधिकारी अनुप बिष्ट को इस प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड सरकार ने नियुक्त किया था। उत्तराखंड टीम के मुख्य कोच बब्लू दिवाकर ने बताया कि खेलो इंडिया बीच गेम्स का दूसरा एडिशन था, जिसमें 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1300 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में पेंचक सिलाट, सेपक टकरा,ओपन वाटर स्विमिंग, सॉकर, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे 6 खेल शामिल थे, साथ ही मल्लखंभ और टग ऑफ वॉर जैसे 2 प्रदर्शन खेल भी थे। उत्तराखंड के पेंचक सिलाट और कबड्डी के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। कोच बब्लू दिवाकर ने बताया कि पिछले 3 वर्षों से उत्तराखंड के पेंचक सिलाट खिलाड़ी खेलो इंडिया बीच गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रदेश को पदक दिलाकर सम्मानित कर रहे हैं। पिछले वर्ष पेंचक सिलाट के खिलाड़ियों ने 4 रजत और 3 कांस्य पदक जीते थे। इस वर्ष भी प्रतियोगिता के समापन दिन तक उत्तराखंड ने 2 महत्वपूर्ण पदक जीतकर सभी को गौरवान्वित किया है

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
