सुभाष कालोनी में संदिग्धों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, अफरातफरी
पथराव में टीम में शामिल हेड कांस्टेबल भुवन पांडे गंभीर, एक महिला स्मैक समेत गिरफ्तार, अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस की कार्रवाई, घर से फरार
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम पर नशे के तस्करों ने उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया जब पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में सुभाष कॉलोनी क्षेत्र में दबिश दे रही थी। इस हमले में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मौके से एक महिला तस्कर को गिरफ्रतार कर उसके कब्जे से 63-38 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जबकि मुख्य आरोपी समेत कई अन्य हमलावर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस के मुताबिक एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को नशे के खिलाफ अभियान के तहत चेकिंग कर रही थी। बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह खत्री और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ टीम जब सुभाष कॉलोनी स्थित पंडित कबाड़ी वाली गली के पास पहुंची, तो वहां कुछ संदिग्ध लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसमें अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार ने भाग रहे एक युवक की पहचान नाजिम उर्फ नदीम के रूप में की, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नाजिम को एक टुक-टुक के पास पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से नाजिम ने अपने पास मौजूद एक काली पन्नी दीवार की तरफ फेंक दी। इसी दौरान अचानक गली में मौजूद भीड़ ने पुलिस टीम पर पत्थरों, ईंटों और प्लास्टिक की कुर्सियों से एकराय होकर हमला बोल दिया। छतों पर मौजूद महिलाओं ने भी पुलिस टीम पर भारी पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में एक महिला ने हेड कांस्टेबल भुवन पाण्डेय के सिर पर जान से मारने की नीयत से भारी पत्थर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। पथराव और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी नाजिम पुलिस की पकड़ से छूटकर भाग निकला। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा करते हुए जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी कर मौके से हसीना पत्नी इलियास को पकड़ लिया। महिला मुख्य आरक्षी पायल ने पथराव करने वाली हसीना को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर हसीना के पास से 63-38 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) और स्मैक तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। हसीना ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने देवर नाजिम के साथ मिलकर स्मैक की तस्करी करती है। घायल मुख्य आरक्षी भुवन पाण्डेय को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिलाएं समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हसीना, नाजिम उर्फ नदीम, शाहरुख, इरशाद उर्फ दाऊद, सूरज, अनमोल, अफसाना, फिजा, रोशनी और फरहाना सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्रतारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मौके पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और संपूर्ण कार्रवाई कीवीडियोग्राफी भी की गई है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
