जनपद पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं यूनिट की बड़ी कार्रवाई
ट्रांजिट कैंप में संचालित गंगवार जनसेवा केंद्र’ में छापा,फर्जी दस्तावेज बरामद, संचालित गिरफ्तार,एसएसपी ने किया खुलासा
रूद्रपुर। एसटीएफ कुमांयू यूनिट और ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संचालित ‘गंगवार जनसेवा केंद्र’ का खुलासा हुआ है। यह खुलासा एसएसपी अजय गणपति ने किया। एसएसपी ने बताया कि टीम ने छापेमारी के दौरान शातिर अभियुक्त को गिरफ्रतार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्र में कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड, हाईस्कूल की फर्जी अंकतालिकाएं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान चेतन कुमार पुत्र राजपाल, निवासी रामपुर यूपी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में शिमला बहादुर की गड्ढा कॉलोनी में रह रहा था। एसएसपी के मुताबिक एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सिडकुल में नौकरी के लिए इच्छुक बाहरी राज्यों के लोगों को अवैध रूप से उत्तराखंड के पते पर फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर एसटीएफ के एसआई विपिन जोशी और उनकी टीम ने ट्रांजिट कैंप पुलिस के साथ दुकान पर दबिश दी। टीम ने मौके पर मौजूद चेतन कुमार के पास से दो ऐसे आधार कार्ड बरामद हुए। जिनमें अंकित बारकोड को स्कैन करने पर असली नाम चेतन कुमार का ही सामने आया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ‘पिक्सेल लैब’ नामक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए किसी भी आधार या पैन कार्ड में कस्टमर का फोटो, नाम और पता एडिट कर देता था। वह कूटरचित बारकोड चस्पा कर उसका प्रिंट निकालकर ग्राहकों को मनमाने दामों पर बेचता था। पुलिस ने जनसेवा केंद्र से एक कलर प्रिंटर, मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैनर और एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामदगी की सूची में 42 आधार कार्ड (2 कूटरचित), 55 पैन कार्ड (1 कूटरचित), 9 हाईस्कूल की अंकतालिकाएं (8 कूटरचित छायाप्रतियां), 11 फोटो पेपर शीट और 9 हजार रुपये की नकदी शामिल है। तलाशी के दौरान कंप्यूटर की स्क्रीन पर भी फर्जी अंकतालिकाओं की प्रतियां प्रदर्शित हो रही थीं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सिडकुल की कंपनियों में भर्ती के लिए स्थानीय दस्तावेजों की मांग की जाती है, जिसका फायदा उठाकर वह लंबे समय से यह अवैध धंधा कर रहा था। उसके पास जनसेवा केंद्र चलाने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन जोशी के अलावा एसआई केजी मठपाल,एसआई अकरम अहमद, एएसआई चंद्र प्रकाश बबाडी आदि पुलिसकर्मी शामिल रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीओ सिटी प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
