सीएचसी सेंटर चलाने वाले युवक पर 4 वर्ष तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप,शादी में इंकार, पीड़िता पहुंची कोतवाली,मुकदमा दर्ज
युवक का दूसरी जगह रिश्ता होने की जानकारी पर युवती ने पुलिस के पास पहुंच रिश्ता रुकवाने की गुहार लगाई थी
रुद्रपुर। पुलिस ने एक युवती की तहरीर पर सीएचसी सेंटर चलाने वाले युवक के खिलाफ चार वर्ष तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। और शादी से मना करने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि चार वर्ष पहले उसकी मुलाकात घासमंडी आदर्श कालोनी निवासी रोहित कुमार से हुई थी। वह सीएचसी सेंटर चलाता था। बताया कि दोनों के बीच धीरे धीरे मिलना जुलना शुरू हुआ। आरोप है कि राेहित कुमार ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। साथ ही उससे शादी करने का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कई बार वह उसे घुमाने बाहर भी ले गया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि नवंबर 2025 में उसे पता चला कि रोहित कहीं और शादी करने वाला है। जब इस बारे में राेहित से पूछा गया तो उसने कहा कि वह उसे छोड़कर कहीं भी शादी नहीं करेगा। पीड़िता के मुताबिक सोमवार को उसके घर के बाहर टेंट लगा देखा तो पता चला कि उसकी शादी होने वाली है। उसकी बारात जानी है। इस पर पीड़िता कोतवाली पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए उसकी शादी रूकवाने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी रोहित कुमार पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि रोहित पर प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की कार्रवाई कर रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
