फाजलपुर महरौला क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का पीला पंजा गरजा,हड़कंप
चेतावनी का कोई असर न होते देख प्रशासनिक टीम ने शनिवार को सख्ती दिखाई

रूद्रपुर। फाजलपुर महरौला क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का पीला पंजा गरजा। एडीएम नजूल पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंची भारी भरकम टीम ने एक दर्जन से अधिक अतिक्रमण और अवैध कब्जों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। फाजलपुर महरौला में लंबे समय से सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्के और कच्चे निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। इस संबंध में प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी कि लोग स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लें, लेकिन चेतावनी का कोई असर न होते देख प्रशासनिक टीम ने शनिवार को सख्ती दिखाई। मौके पर पहुंची जेसीबी ने एक के बाद एक अवैध ढांचों को गिराना शुरू कर दिया। अभियान के दौरान एडीएम मिश्रा और तहसीलदार दिनेश कुटोला भी मौजूद रहे। टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों और सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी भी अपनी-अपनी टीम के साथ तैनात रहे ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली से एसएसआई केसी आर्या के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, कुछ लोगों ने कार्रवाई का हल्का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन लोगों ने अभी भी अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।



मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
