अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सख्त
नदी किनारे बना बाबा नीम करौली धर्मकांटा पर चला बुलडोजर
रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के निर्देश पर अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर ने तहसील रुद्रपुर के ग्राम फुलसुंगा में नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए बाबा नीम करौली धर्मकांटा को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माण महानगर योजना के भू-उपयोग नियमों का खुला उल्लंघन था। बिना किसी वैध स्वीकृति और स्वीकृत मानचित्र के किए गए इस निर्माण को लेकर पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन चेतावनी को नजरअंदाज किया गया। इसके बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ढांचे को जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद विकास प्राधिकरण ने आम जनता को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण पर अब सीधी कार्रवाई होगी। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि आवास निर्माण के लिए केवल महानगर योजना में स्वीकृत आवासीय क्षेत्रों में ही भूखंड खरीदें। कृषि भूमि, ग्रीन बेल्ट या औद्योगिक क्षेत्रों में मकान बनाने के उद्देश्य से जमीन खरीदना भारी पड़ सकता है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक भूखंड खरीदने से पहले उसकी भू-उपयोग स्थिति की जांच करना अनिवार्य है। केवल स्वीकृत कॉलोनियों में ही निवेश करें और डेवलपर अथवा विक्रेता से स्वीकृत मानचित्र लेकर उसे रजिस्ट्री का हिस्सा बनाएं। स्वीकृत तलपट मानचित्र में दर्शाए गए क्षेत्रफल के अनुरूप ही भूखंड खरीदें। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अवैध निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि शहर के नियोजित विकास में भी बाधा है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए साफ संदेश है—या तो कानून का पालन करें, वरना बुलडोजर के लिए तैयार रहें।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
