महापौर की पहल पर मस्जिदों से उतरे लाउडस्पीकर
पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
धार्मिक संस्थाओं को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में मानकों का उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई होगी
रूद्रपुर। शहर में ध्वनि प्रदूषण को रोकने और उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराने के लिए महापौर विकास शर्मा के संज्ञान पर नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। महापौर के कड़े रुख के बाद टीम ने शहर की विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित डेसिबल से अधिक आवाज में बजाए जा रहे लाउडस्पीकरों को उतरवा दिया। इस दौरान धार्मिक संस्थाओं को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में मानकों का उल्लंघन हुआ तो और भी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पिछले कुछ समय से विभिन्न बस्तियों के नागरिकों ने महापौर को शिकायतें मिल रही थीं कि कई धार्मिक स्थलों पर मानकों के विपरीत अत्यधिक तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जा रहा है। इन शिकायतों में नागरिकों ने बताया था कि शोर के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई में भारी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, साथ ही बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित के इस संवेदनशील मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने एसएसपी से वार्ता की और शहर में शांति व्यवस्था एवं मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त अभियान चलाने को कहा।महापौर के हस्तक्षेप के बाद एसएसपी ने अधीनस्थों को उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने खेड़ा स्थित चांद मस्जिद, सीरगोटिया मस्जिद और पहाड़गंज स्थित विभिन्न मस्जिदों में सघन चेकिंग की। जाँच के दौरान जहाँ भी लाउडस्पीकर निर्धारित डेसिबल की सीमा से ऊपर पाए गए, उन्हें तत्काल मौके पर उतरवा दिए गए। कार्रवाई के दौरान एसएसआई अनिल जोशी, नगर निगम के जेई शिखर जोशी, जसवीर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। उधर कार्रवाई के महापौर विकास शर्मा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान है, लेकिन नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थलों पर कार्रवाई की गई है, उन्हें पूर्व में भी नोटिस दिए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज कम नहीं की जा रही थी। शहर के शांत वातावरण को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी शिकायत मिलने पर बिना किसी रियायत के कार्यवाही की जाएगी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
