स्वास्तिक राईस लैंड प्राईवेट लिमिटेड के निदेशक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
धान के स्टाक का भौतिक सत्यापन कराया गया तो मिल में धान का कोई स्टाक उपलब्ध नहीं मिला था
रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रादेशिक को-आपरेटिव यूनियन लिमिटेड के प्रबंधक धीरज कुमार ने कोतवाली पुलिस रुद्रपुर को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने शिकायत में कहा उत्तराखंड प्रादेशिक को-आपरेटिव यूनियन लिमिटेड देहरादून ने मूल्य समर्थन योजनान्तर्गत धान खरीद 2023-24 में संचालित धान क्रय केंद्रो से कुटाई के लिए स्वास्तिक राईस लैंड प्रा. लि. ग्राम बिंदुखेङा दानपुर रुदपुर को 4462 क्विंटल धान का प्रेषण किया था। खरीद नीति के अनुसार राईस मिल द्वारा 67 प्रतिशत रिकवरी के अनुसार कुल 2989.54 क्विंटल चावल राजकीय गोदामों में जमा कराया जाना था। परंतु अंतिम तिथि तक केवल 178.20 क्विंटल चावल ही दिया गया। अवशेष 2811.34 क्विंटल चावल नहीं दिया। इसकी रिकवरी के लिए राइस मिल के भौतिक सत्यापन के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा। जिस पर नायब तहसीलदार रुद्रपुर सुरेश चन्द्र बुढलाकोटी की अगुवाई में धान के स्टाक का भौतिक सत्यापन कराया गया, मिल में धान का कोई स्टाक उपलब्ध नहीं पाया। भौतिक सत्यापन के उपरांत कंपनी के निदेशक पुरुषोत्तम दास अग्रवाल पुत्र खुशी राम अग्रवाल ने एक शपथ पत्र प्रबंध निदेशक उत्तराखंड प्रादेशिक को-आपरेटिव यूनियन लिमिटेड के कार्यालय को दे छह माह का समय मांगा गया। छह माह बाद भी चावल की आपूर्ति न होने पर जब वह व्यक्तिगत रूप से कंपनी के निदेशक पुरुषोतम दास अग्रवाल व उनके पुत्र आशीष अग्रवाल से मिले तो उन्होंने जल्द ही बैंक से ऋण स्वीकृत हो जाने पर भुगतान का भरोसा दिलाया। उसके उपरांत उनके द्वारा 15 जून 2025 को अपने अधिवक्ता के माध्यम से उनकी मेल पर व रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पत्र भेज गारंटी के दिए गए चेक बिना उनकी सहमति के लिए भुगतान के लिए न लगाने के लिए कहा। जिस पर अठानवे लाख सैतालीस हजार सात सौ अठासी रुपये की रिकवरी के लिए दो जुलाई 2025 को स्वास्तिक राईस लैंड प्रा. लि. व कंपनी के निदेशक पुरुषोत्तम दास अग्रवाल पुत्र खुशीराम अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल पत्नी पुरुषोत्तम दास अग्रवाल को नोटिस दे 10 जुलाई 2025 तक का अंतिम अवसर दिए जाने का नोटिस जारी किया गया। लेकिन कोई भुगतान नहीं किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल, लेखाकार राजेंद्र सिंह के विरुद्व प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
