हल्द्वानी की विवादास्पद ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही
रुद्रपुर कोतवाली में एक महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट दर्ज,लोक संस्कृति और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
रुद्रपुर। हल्द्वानी की विवादास्पद ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लोक संस्कृति और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में हल्द्वानी में गिरफ्रतारी के बाद अब रुद्रपुर कोतवाली में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और महिलाओं के अपमान से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। रुद्रपुर निवासी ममता त्रिपाठी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के माध्यम से उन्हें ज्योति अधिकारी के कृत्यों की जानकारी मिली। आरोप है कि ज्योति अधिकारी ने सार्वजनिक स्थान पर दरांती लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं, स्थानीय संस्कृति और पूजनीय देवी-देवताओं पर बेहद अपमानजनक और भद्दी टिप्पणी की है। वीडियो में ज्योति अधिकारी कुमाऊं की महिलाओं के लिए ‘नाचने वाली’ जैसे अपशब्दों का प्रयोग कर रही हैं और लोक देवताओं को ‘फर्जी’ बताकर उनकी आस्था का मजाक उड़ा रही हैं।तहरीर में कहा है कि ज्योति अधिकारी द्वारा सार्वजनिक रूप से यह कहना कि ‘कुमाऊं की औरतें कौथिकों में नाच रही हैं’ और ‘देवता फर्जी हो गए हैं’। समस्त उत्तराखंड वासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।ममता त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार के बयानों से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को ठेस पहुँची है। लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है।सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और किसी की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को अपमानित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
