लोक संस्कृति का संरक्षण सभी की जिम्मेवारीः विकास शर्मा
महापौर ने उत्तरायणी महोत्सव में दिया संस्कृति के संरक्षण पर जोर,कुमाऊनी और गढ़वाली लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों की सराहना
रुद्रपुर। गंगापुर रोड शैल भवन में शैल सांस्कृतिक समिति के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय उत्तरायणी महोत्सव बुधवार को देर शाम तक चला। महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि पहुंचे महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया।उन्होंने कुमाऊनी और गढ़वाली लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों की सराहना की।इस मौके पर महापौर ने लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर गहरा प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृति और लोक परंपराएं किसी भी समाज की आत्मा होती हैं। शैल परिषद द्वारा आयोजित यह उत्तरायणी महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन सभ्यता को संरक्षित करने और उसे अगली पीढ़ी तक हस्तांतरित करने का एक पावन यज्ञ है। आज के आधुनिक युग में, जब पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है, ऐसे आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध जड़ों और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। रुद्रपुर लघु भारत की एक सुंदर तस्वीर पेश करता है। यहां तराई की मिट्टी विभिन्न संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का काम करती है। उत्तरायणी हो लोहड़ी हो या कोई अन्य पर्व, यहां सभी समाज के लोग मिलकर इसे मनाते हैं, यही हमारी असली पहचान और ताकत है। लोक परंपराओं का यह संरक्षण ही समाज में नैतिकता और भाईचारे की भावना को जीवित रखता है। सीएम धामी प्रदेश में संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष रूप से ध्यान दे रहे हैं।
महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न स्कूलों के बच्चों और लोक कलाकारों ने कुमाऊनी संस्कृति पर आधारित झौड़ा, चांचरी और छोलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा पारंपरिक परिधानों में सज्ज होकर दी गई प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति ने महापौर और अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इस दौरान पूर्व मेयर रामपाल सिंह,अनिल चौहान,दिवाकर पांडे, डॉ. किशोर चंदोला,कमलेंद्र सेमवाल, सुरेश परिहार,भरत लाल शाह,गोपाल सिंह पटवा,हेमंत बिष्ट, डीके दनाई, पीसी शर्मा,भास्कर जोशी, मुकुल उप्रेती, डॉ. एलएम उप्रेती, सतीश लोहनी, लीलाम्बर जोशी, विजय भूषण गर्ग, पूरन चंद्र जोशी, नरेंद्र रावत, सीबी घिंडियाल, प्रकाश जोशी, महेश कांडपाल,डीडी गुणवन्त,धीरज पांडे आदि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
