सीएम धामी ने मकर संक्रांति के दिन खटीमा में 33 करोड़ 36 लाख 49 हजार के नौ विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास किया
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कई विकास कार्यों की घोषणा भी की, सरकार प्रदेश के विकास को कटिबद्ध
खटीमा। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मकर संक्रांति के दिन खटीमा में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 11 करोड़ 27 लाख 50 हजार की धनराशि से नवनिर्मित हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन, नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 व 8 में 48.45 लाख की धनराशि से निर्मित पेयजल नलकूप,ओवर हेड टेंक, पाईप लाईन कार्यों, विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के अंतर्गत 490.21 लाख की धनराशि से राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक के आवासीय भवनों व 359.91 लाख की लागत से उपनिरीक्षकों के कार्यालय भवनों, खटीमा में ग्राम मझोला में झील से लेकर पॉलिगंज की ओर 225.62 लाख की लागत से नाला निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा खटीमा क्षेत्र में 499.65 लाख की लागत से 300 नग हेंडपम्प स्थापना कार्य, 29.65 लाख की लागत से खटीमा के नवनिर्मित बस अड्डे में महाराणा प्रताप द्वार निर्माण, 24.50 लाख की लागत से खटीमा में हाईटेक शौचालय निर्माण एवं 95 लाख की लागत से थारू इंटर कॉलेज खटीमा का पुनःनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सीएम ने नानकमत्ता में बाला जी मंदिर के सौंदर्यीकरण, नानकमत्ता विधानसभा के अंतर्गत ब्राह्मदेव मंदिर लोहिया पुल खटीमा में सौंदर्यीकरण व पुनःनिर्माण कार्य, नानकमत्ता विधानसभा के अंतर्गत देवभूमि धर्मशाला में कक्ष, हॉल एवं सौंदर्यीकरण कार्य व नानकमत्ता विधानसभा के अंतर्गत सोनूखरी-किशनपुर-बरकीडांडी-कैथुला-टुकड़ी मार्ग का हॉटमिक्स सड़क की घोषणा की।
इस दौरान सीएम ने कहा कि आज का ये दिन मेरे लिए अत्यंत विशेष है, क्योंकि आज मुझे मकर संक्रांति और घुघुतिया पर्व के पावन अवसर आप सभी के सानिध्य में 11 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस हाईटेक बस स्टैंड का शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला है। ये अवसर मेरे लिए इसलिए भी विशेष महत्व रखता है, क्योंकि खटीमा से विधायक रहते हुए मैंने इस बस स्टैंड की स्थापना के लिए हर संभव प्रयास किए थे और इसकी घोषणा भी की थी। लेकिन, मेरे यहाँ से विधायक रहते हुए इस बस स्टैंड का कार्य पूर्ण नहीं हो सका था, परन्तु मेरा सौभाग्य है कि आज प्रदेश के मुख्यसेवक के रूप में मुझे इसका शुभारंभ करने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। सीएम ने नानकमत्ता में आयोजित जनजाति गौरव दिवस समारोह में खटीमा बस स्टैंड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर करने की घोषणा की थी। इस बस स्टैंड में “महाराणा प्रताप द्वार” के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी कर रहे हैं। कहा कि पूर्ण विश्वास है कि यह नवनिर्मित बस स्टैंड न केवल क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुगम और सुव्यवस्थित बनाएगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के नए अवसर सृजित कर क्षेत्र के विकास को भी गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा राज्य विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बना रहे हैं। वहीं, “अंत्योदय” के मूलमंत्र के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं। यहीं से मैंने जनसेवा की यात्रा आरंभ की थी। खटीमा की माटी और यहाँ के लोगों से मुझे जो ऊर्जा और प्रेरणा मिली है, उसी के बल पर मैं, प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर पा रहा हूँ। सरकार खटीमा के समग्र विकास और यहाँ के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयासरत हैं।कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए गदरपुर-खटीमा बाईपास और नौसर में पुल का निर्माण कराया है, वहीं पूरे क्षेत्र में सड़कों के व्यापक नेटवर्क का विकास भी सुनिश्चित किया है। सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पंतनगर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भी संकल्पित है, जिस पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। क्षेत्र के लोगों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एम्स के सेटेलाइट सेंटर की स्थापना करने के साथ-साथ खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के माध्यम से इस पूरे क्षेत्र के विकास को गति देने का प्रयास भी कर रहे हैं।सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है।उन्होंने कहा कि 550 के करीब अवैध मजारों को ध्वस्त किया है, वहीं वन भूमि पर अतिक्रमण करके बनाई गई अवैध मस्जिदों को भी हटाया। प्रदेश में दंगों की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने के लिए एक सख्त दंगारोधी कानून बनाकर दंगों में होने वाले नुकसान की भरपाई भी दंगाईयों से ही करने का काम किया।हाल ही में सरकार ने राज्य में नया कानून लागू कर मदरसा बोर्ड को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस कानून के लागू होने के पश्चात 1 जुलाई 2026 के बाद उत्तराखंड में केवल वही मदरसे संचालित हो पाएंगे, जिनमें सरकारी बोर्ड द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। सरकार राज्य में सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों के विरुद्ध भी “ऑपरेशन कालनेमि” के माध्यम से भी सख्त कार्रवाई कर रही है।भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इसी का परिणाम है कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में राज्य के लगभग 27 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। सांसद अजय भट्ट एवं पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा ने नवनिर्मित बस अड्डे के लोकार्पण पर सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने नवनिर्मित हाईटेक बस अड्डे का का नाम महाराणा प्रताप रखने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।प्रदेश के सर्वागींण विकास के लिए सरकार कटिबद्ध है।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा,नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रामेश चंद्र जोशी,नगर पंचायत अध्यक्ष नानकमत्ता प्रेम सिंह टूरना,दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, महामंत्री रमेश जोशी, नंदन सिंह खड़ायत,पूर्व अध्यक्ष सहकारी बैंक दान सिंह रावत, डीएम नितिन सिंह भदौरिया,एसएसपी अपर सचिव परिवहन रीना जोशी,वीसी जय किशन, सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम/सचिव विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी,सीएमओ डॉ केके अग्रवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
