पुलिस की नशा तस्करों पर करारी चोट,करीब 33 लाख रुपये की 112.3 ग्राम स्मैक बरामद
गिरफ्तार नाबालिग से नशा तस्करी कराने वाले माता-पिता के खिलाफ की गई कार्रवाई, दोनों शातिर हिस्ट्रीशीटर,जनपद में पहली बार धारा 95 बीएनएस का प्रयोग,बच्चों से अपराध कराना गंभीर अपराध
रुद्रपुर। जनपद मेंं पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस एवं एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी का खुलासा किया है। इस दौरान टीम ने नाबालिग बालक से स्मैक बरामद की। बरामद स्मैक लाखों रुपए की बताई जा रही है। टीम की यह कार्रवाई करतारपुर रोड तिराहे की पुलिया, कस्बा गदरपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग बालक को स्कूटी संख्या यूके 06 बीएफ 2291 को रोका और तलाशी ली तो स्कूटी की डिग्गी से 112.3 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह स्मैक उसे उसके माता-पिता शाईन एवं शाकिर अली उर्फ नक्टा ने दी। पुलिया पर खड़े एक व्यक्ति को सौंपने को कहा था। गहन पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ कि दंपति अपने ही नाबालिग बच्चे से नशे की तस्करी करा रहे थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा पुत्र सनव्वर अली,शाईन पत्नी शाकिर अली उर्फ नक्टा
निवासी वार्ड 1, करतारपुर रोड, गदरपुर के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के मुताबिक
यह मामला इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि जनपद में पहली बार धारा 95 बीएनएस का प्रयोग किया गया है। जिसमें बच्चों से अपराध कराना एक गंभीर दंडनीय अपराध माना गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा पर पूर्व में 9 मुकदमें तथा उसकी पत्नी शाईन पर 6 मुकदमें दर्ज हैं। दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी एवं कोतवाली गदरपुर के हिस्ट्रीशीटर हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर संजय पाठक,निरीक्षक पावन स्वरूप एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट,एसआई विनोद जोशी एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट,एसआई गदरपुर मोहन बोहरा, बृजेश कुमार,कांस्टेबल एएनटीएफ इशरार अहमद, महिला कांस्टेबल पार्वती गोस्वामी आदि शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
