एसटीएफ का अधिकारी बता आरपीएफ में भर्ती कराने के नाम युवक से लाखों की ठगी
पीड़ित की तहरीर पर साईबर क्राईम पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रूद्रपुर। खुद को एसटीएफ अधिकारी बताकर आरपीएफ में भर्ती कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठग ने झांसे में लेकर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख 35 हजार रुपये हड़प लिए। साईबर क्राईम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात जालसाज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गणेश गार्डन फुलसुंगा निवासी रामेश्वर सिंह पुत्र प्रभु दयाल ने साईबर क्राईम पुलिस स्टेशन में दी तहरीर में बताया कि 3 फरवरी 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय एसटीएफ अधिकारी नीरज यादव के रूप में दिया। उसने पीड़ित पर प्रभाव जमाने के लिए दावा किया कि उसका भाई मनोज यादव दिल्ली में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) का महानिदेशक है। उसने पीड़ित को प्रलोभन दिया कि यदि कोई आरपीएफ में सरकारी पद पर भर्ती होना चाहता है, तो वह उसकी मदद कर सकता है। जालसाज की बातों में आकर रामेश्वर सिंह ने अपने भाई पंकज दयाल और अमर की नौकरी लगवाने की इच्छा जताई। बाद में ठग ने व्हाट्सएप के माध्यम से दोनों भाइयों के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज मंगा लिए। कुछ दिनों बाद ठग ने दोबारा संपर्क कर बताया कि दोनों का पंजीकरण हो गया है और फाइल आगे बढ़ाने के लिए रुपयों की आवश्यकता है। झांसे में आकर पीड़ित ने 5 फरवरी 2025 को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये बताए गए गूगल पे अकाउंट में जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार पंजीकरण और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं के नाम पर रुपयों की मांग करता रहा। पीड़ित ने भरोसा करते हुए समय-समय पर कुल 6 लाख 35 हजार रुपये आरोपी के खाते में डाल दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब भाइयों की नौकरी नहीं लगी और आरोपी ने फिर से रुपयों की मांग शुरू कर दी। पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। रामेश्वर सिंह ने साईबर पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जिस मोबाइल नंबर व बैंक खिते का उपयोग हुआ है, उसे ट्रेस किया जा रहा है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
