श्रमिक संयुक्त मोर्चा का 12 फरवरी को होने वाली हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
केन्द्र सरकार मजदूर वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने का आरोप
रूद्रपुर। श्रमिक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले श्रमिक नेताओं ने मजदूर विरोधी 4 श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग को लेक 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।मंगलवार को एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार मजदूर वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बना देना चाहती है। सरकार ने पुराने श्रम कानूनों को खत्म कर नये श्रम कोड लागू कर दिए। इन श्रम कोड्स के माध्यम से मालिक मजदूरों से कम वेतन पर ज्यादा घंटे काम लेगा। इन श्रम कोड्स को वापस लेने की मांग पिछले 5 सालों से श्रमिक लगातार कर रहे थे। परंतु सरकार की काॅरपोरेटपरस्त मंशा के कारण नवम्बर 2025 से ये श्रम संहिताएं बेशर्मी के साथ लागू कर दी। तिवारी ने कहा कि इन लेबर कोड्स को लागू करने के खिलाफ 12 फरवरी को हड़ताल का आह्वा है। जिसमें सिडकुल की दर्जनभर यूनियनें हड़ताल पर जायेंगी। जिन्होंने अपने प्रबंधन को भी नोटिस दे दिया है। इसके अलावा आशा वर्कर्स व अन्य महिला स्कीम वर्कर्स भी हड़ताल में शामिल रहेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने भी हड़ताल को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जिले के मजदूर-किसान गांधी पार्क में 10 बजे से एकत्रित होंगे और जनसभा करेंगे।ट्रेड यूनियन एक्टू के राष्ट्रीय सचिव केके बोरा ने कहा कि यह हड़ताल कार्रवाई एक बहुत ही नाजुक स्थिति में हो रही है। केंद्र सरकार, ट्रेड यूनियनों को नियंत्रित करने और कमजोर करने और भारतीय श्रमिक वर्ग आंदोलन को पूंजी के हमले के सामने निहत्था करने के लिए,चार श्रम संहिताएं लेकर आई है।सरकार भारतीय और विदेशी मूल के बड़े कॉर्पोरेट्स के फायदे के लिए सभी रणनीतिक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक सेवाओं जैसे रेलवे, बंदरगाह और डॉक, कोयला खदानों, तेल, स्टील, रक्षा, सड़क मार्ग, हवाई अड्डे, बैंक, बीमा, दूरसंचार, डाक, परमाणु ऊर्जा, बिजली उत्पादन और आपूर्ति आदि के निजीकरण और बिक्री का अपना एजेंडा जारी रखे हुए है, जिससे स्वदेशी औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था खतरे में पड़ रही है। इस दौरान जिला सचिव ललित मटियाली, सौरभ,धीरज जोशी, जीवन, प्रकाश मेहरा,भरत जोशी, प्रकाश नेगी,कमलेश कार्की मौजूद थे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
