46वीं वाहिनी पीएसी में स्थापना दिवस,खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची
सेनानायक आईपीएस अधिकारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया
रुद्रपुर। 46वीं वाहिनी पीएसी के स्थापना दिवस के अवसर पर दूसरे दिन खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी सौहार्द, अनुशासन तथा शारीरिक एवं मानसिक उत्साह को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान अंतर-कंपनी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़े मुकाबलों के पश्चात सी एवं डी दल, तथा जी एवं एच दल ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया। खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।वाहिनी के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के लिए बोरा दौड़ एवं तीन टांग दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों ने अपनी कुशलता एवं उत्साह का परिचय दिया। इसके बाद वाहिनी के बच्चों के लिए जलेबी दौड़ एवं नींबू दौड़ का आयोजन किया गया।बच्चों की मुस्कान और उल्लास ने कार्यक्रम में विशेष आनंद का संचार किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के मध्य सेनानायक, 46वीं वाहिनी पीएसी पंकज भट्ट ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, हल्द्वानी से पहुंचे लोक कलाकारों को उनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया। यहां पर पीएसी के अधिकारियों समेत अन्य मौजूद रहे।



मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
