सीएम के कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने को महापौर ने जिला प्रशासन के साथ बनाई रूपरेखा
जोरदार रोड शो के साथ होगा सीएम धामी का स्वागत
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी 14 फरवरी को प्रस्तावित रुद्रपुर आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन मंथन कर रूपरेखा तैयार की। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री न केवल करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, बल्कि शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देंगे। मुख्यमंत्री 14 फरवरी को रुद्रपुर आगमन का मुख्य आकर्षण इंदिरा चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल का लोकार्पण होगा। बाद में मुख्यमंत्री एक विशाल रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। रोड शो गल्ला मंडी होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगा। महापौर ने बताया कि सीएम धामी का मुख्य कार्यक्रम गांधी पार्क के विशाल प्रांगण में आयोजित होगा। यहाँ जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री दस दिवसीय प्रादेशिक सरस मेले का विधिवत शुभारंभ कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए महापौर ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया,मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट डायवर्जन और जनसभा के दौरान नागरिकों की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, महामंत्री पारस चुघ, धीरेन्द्र मिश्रा, दिलजोत बाजवा आदि शामिल थे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
