उत्तराखंड पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन 28 फरवरी को
चयनित खिलाड़ी 6 से 10 मार्च 2026 तक तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे
रुद्रपुर। राज्य के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक और सुनहरा अवसर सामने आया है। तीसरी उत्तराखंड पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन 28 फरवरी 2026 को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। खेल आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड एवं सहयोगी संस्था डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसायटी उत्तराखंड द्वारा किया जा रहा है।इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप व सिलेक्शन ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ी 6 से 10 मार्च 2026 तक तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक ऊंचा होगा।चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जहां खिलाड़ी अपनी तकनीक, फिटनेस, रणनीति और मानसिक दृढ़ता का प्रदर्शन करेंगे। वहीं चयन ट्रायल के दौरान विशेषज्ञ चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के समग्र प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके। आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “पैरा खिलाड़ी हमारी प्रेरणा हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद जिस समर्पण और जज्बे के साथ ये खिलाड़ी खेलते हैं, वह पूरे समाज के लिए उदाहरण है। हमारा उद्देश्य है कि उत्तराखंड के पैरा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन करें, और इसके लिए संस्था हर संभव सहयोग देती रहेगी।प्रतियोगिता के संयोजक हरीश चौधरी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि समावेशी खेल संस्कृति को सशक्त करने और पैरा खिलाड़ियों को मुख्यधारा के खेल मंच से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
