जनपद पुलिस का नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़,दो महिलाएं समेत 4 गिरफ्तार
नाबालिग लड़की भी सकुशल बरामद,मई 2025 से थी लापता,गिरोह के फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश
रुद्रपुर। जनपद की कोतवाली आईटीआई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सभी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही। मई 2025 से लापता नाबालिग पीड़िता को हरियावाला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। एसएसपी कार्यालय के मुताबिक आईटीआई पुलिस को सूचना मिली कि मई 2025 से लापता एक नाबालिग लड़की को हरियावाला इलाके में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने हरियावाला स्थित जाहिद के आवास पर दबिश दी और नाबालिग पीड़िता को बरामद किया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में जाहिद, शिवम, समेत दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस की जांच में महिलाओं की भी गिरोह में शामिल होने की संलिप्तता मिली। पुलिस की जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नाबालिग को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा था और उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने ऑपरेशन अंजाम दिया। इधर काशीपुर एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की लोगों से इस तरह की गतिविधियों की जानकारी देने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
