बेटे का नशे में झगड़ा,डायल 112 पर दी फायरिंग की सूचना,पुलिस की जांच में घटना झूठी निकली,पुलिस ने झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने पर महिला का 10 हजार का चालान काटा
अटरिया रोड पर कार और इंडेन गैस के वाहन की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में हुई थी मारपीट, आरोपियों को सबक सिखाने को दी सूचना,मामला थाना ट्रांजिट कैंप का
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बेटे पर विवाद के बाद फायरिंग करने की सूचना 112 पर देना जगतपुरा निवासी महिला को महंगा पड़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कार और इंडेन गैस के वाहन की टक्कर हो गई थी। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में पुलिस ने झूठी सूचना देने वाली मां का 10 हजार का चालान काट दिया। गुरुवार रात डायल 112 के माध्यम से एक महिला ने सूचना दी कि उसके पुत्र पर कुछ लोगों ने हमला कर फायरिंग कर दी है। सूचना पर कोतवाल ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे,एसआई अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल नरेश सामंत, किशोर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि सूचना देने वाली जगतपुरा निवासी रानी पत्नी जमुना प्रसाद है। कोतवाल मोहन पांडे ने बताया कि जांच में पुष्टि हुई कि रानी का पुत्र बोबी चौधरी अपने दोस्तों के साथ नशे की हालत में वैगन आर कार से जा रहा था। अटरिया रोड पर गैस की गाडी से उसकी कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हुई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने फायरिंग की घटना से इंकार कर दिया। कोतवाल के मुताबिक रानी ने मारपीट करने वाले युवकों को सबक सिखाने के उद्देश्य से डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना दी थी। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया गया है। पुलिस ने चालान की रिपोर्ट कोर्ट भेज दी गई है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
