कोतवाली रुद्रपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आयोजित, शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं की समस्याओं को सुना,महिलाओं को त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया गया
सामाजिक संगठनों ने महिला पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित भी किया
रूद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोतवाली रूद्रपुर में विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रें से एक दर्जन से अधिक महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। जिनमें मुख्य रूप से घरेलू उत्पीड़न,आपसी मारपीट और पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने जैसे मामले शामिल रहे। कार्यक्रम में शिव नगर, भूरारानी, महरौला और रम्पुरा समेत अन्य क्षेत्रें की महिलाओं ने पुलिस के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई। यद्यपि कार्यक्रम में एसएसपी अजय गणपति का आगमन प्रस्तावित था, किंतु किन्हीं अपरिहार्य कारणों के चलते वे नहीं पहुँच सके। एसएसपी की अनुपस्थिति में एसएसआई अनिल जोशी, महिला उपनिरीक्षक नेहा राणा,महिला उपनिरीक्षक रीता चौहान ने कमान संभाली और एक-एक कर सभी महिलाओं की समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कई पारिवारिक विवादों का मौके पर ही काउंसलिंग के माध्यम से निस्तारण कराया। वहीं, गंभीर प्रकृति के मामलों को संज्ञान में लेते हुए एसएसआई अनिल जोशी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया। सुनवाई के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया,जहाँ महिलाओं को त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम में एसएसआई अनिल जोशी के अलावा बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह खत्री,आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह,बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र रिंगवाल, रम्पुरा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा,उपनिरीक्षक चंदन बिष्ट, महिला हेड कांस्टेबल पायल, महिला कांस्टेबल दीपा कुंवर,ममता आर्य,समेत अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उधर जनपद के अन्य थानों में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आयोजित हुए। यहां पर महिलाओं को कानूनी जानकारी दी गई।
कोतवाली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया
रुद्रपुर। रविवार को कोतवाली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पहुंची सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारीयों को सम्मानित किया। महिला पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र भी दिए।



मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
