पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित किसान मेले के दूसरे दिन सीएम धामी पहुंचे,किसान मेले का उदघाटन किया
मेले के पहले दिन किसान मेले में पहुंचे किसानों की वैज्ञानिकों ने समस्याओं का किया समाधान
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित चार दिवसीय 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के दूसरे दिन सीएम पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। उन्होंने किसान मेला और उद्योग प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर उदघाटन किया। सीएम धामी के पहुंचने पर कुलपति समेत अन्य अतिथियों ने सीएम का स्वागत किया। इस दौरान सीएम ने मेले लगे स्टालों का निरीक्षण किया। यहां पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मेयर विकास शर्मा, कुलपति डॉ मनमोहन चौहान आदि मौजूद रहे। उधर 13 मार्च को मेले के पहले दिन गांधी हाल में किसानों के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के पशु रोग विभाग के वैज्ञानिकों ने पशुओं में रोग प्रबंधन विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान की तथा उपस्थित किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। वैज्ञानिकों ने पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, रोकथाम तथा उनके प्रभावी प्रबंधन के बारे में किसानों को जागरूक किया। उन्होंने पशुपालन में स्वच्छता, संतुलित आहार एवं समय पर उपचार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।कार्यक्रम के दौरान मेले में आए किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापकों ने सस्य विज्ञान, उद्यानिकी, सब्जी उत्पादन, मोटे अनाज, पर्वतीय कृषि, फसल सुरक्षा एवं प्रबंधन, पुष्प एवं फल उत्पादन आदि विषयों पर आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में भाग लेते हुए किसानों को आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की। किसान मेले में आए किसानों को विष्वविद्यालय के विभिन्न अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्रों का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान किसानों ने मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, फसल अनुसंधान केन्द्र, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन इकाई, डेयरी तथा पोल्ट्री फार्म का अवलोकन कर आधुनिक कृषि एवं पशुपालन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
विष्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने किसान मेले में विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेले में आने वाले किसानों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश भी दिए।



मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
