कोतवाली रुद्रपुर में गोदाम मालिक समेत तीन लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर,गोदाम में छापा पड़ने की जानकारी होने पर संदीप का मोबाइल स्विच ऑफ
एनसीईआरटी दिल्ली से पहुंचे सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस की कार्रवाई, संदीप के पकड़े जाने पर ही खुलेगा इन पुस्तकों का राज

रुद्रपुर। पुलिस ने एक सूचना पर कीरतपुर में एक गोदाम में एनसीईआरटी की फर्जी पुस्तकों का भंडाफोड़ किया था। फर्जी पुस्तकों का भंडार की मिलने की जानकारी पर दिल्ली के एनसीईआरटी के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार टीम के साथ यहां पहुंचे। एनसीईआरटी टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधम सिंह नगर ने ईमेल के जरिये सूचना दी कि कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में एक गोदाम से एनसीईआरटी की नकली किताबें बरामद हुई हैं। साथ ही किताबों से भरा एक ट्रक भी बरामद हुआ है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। सूचना के आधार पर सोमवार को वह सहायक व्यापार प्रबंधक पदम सिंह भाटी के साथ रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में कीरतपुर कोलडा में स्थित गोदाम पर पहुंचे। जहां पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समक्ष उन्होंने व उनके साथ आये सहायक व्यापार प्रबंधक ने गोदाम के अंदर रखी गई एनसीईआरटी किताबों का अवलोकन किया। एनसीईआरटी के लोगो का कूटरचित ढंग से नया वाटरमार्क बनाया गया था जो एसीईआरटी प्रतीत हुआ। उनका कहना है कि एनसीईआरटी के नाम व चिह्न अंकित कर छात्रों व अभिभावकों को धोखा देने के आशय से किताबें छापकर भंडारण कर बेची जा रही हैं। जिससे भारत सरकार को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। गोदाम के अंदर अनुमानित 9-10 करोड़ की किताबें मौजूद है। पुलिस से जानकारी लेने पर पता चला कि गोदाम के स्वामी राजेश कुमार जैन हैं। जिनके द्वारा उक्त गोदाम को हरार हर्रा मेरठ निवासी संदीप को दिया जाना पाया गया। पुलिस की ओर से पकड़ा गया वाहन चालक अब्दुल मतीन है। इसने बताया कि नकली पुस्तकें संदीप व शाहरुख ने ही गोदाम से कैंटर में लोड कराई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गोदाम स्वामी राजेश कुमार जैन, संदीप व शाहरुख के विरुद्ध प्राथमिकी कर ली है। उन्होंने बताया कि संदीप का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। उसके पकड़े जाने के बाद ही एनसीईआरटी पुस्तकों का राज खुलेगा। फिलहाल संदीप पुलिस की पकड़ से दूर है।
कोतवाली रूद्रपुर में इन धाराओं में 318(4)/ 336(3)/338/340(2) बीएनएस व 63/65 कॉपी राइट एक्ट में मुकदमा पंजीकृत हुआ।
गोदाम में छापेमारी कार्रवाई के दौरान
पुलिस टीम में निरीक्षक मनोज रतूडी, एसएसआई अनिल जोशी,एसआई प्रियांशु जोशी,एसआई चन्दन सिंह बिष्ट,एसआई दीपक बहुगुणा, एएसआई अमित कुमार,प्रवीण गोस्वामी,हरीश बिष्ट,विजय दरम्याल,कृष्णा टम्टा,ताजवीर शाही, दीप पाटनी,चालक नरेश जोशी शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
