रुद्रपुर में कुट्टू का आटा खाने से एक दर्जन से अधिक की हालत बिगड़ी,दो अलग-अलग परिवारों के 6 मेडिकल कॉलेज में भर्ती,5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ एमके तिवारी की देखरेख में चल रहा उपचार,अस्पताल में सुभाष कालोनी,सामिया लेक सिटी से एक परिवार से दो महिलाएं समेत तीन, रम्पुरा से एक परिवार से तीन महिलाएं और जयनगर से दंपति पहुंचे

रूद्रपुर। प्रशासन द्वारा खराब कुट्टू का आटा बिक्री करने से मना करने बावजूद शहर में खराब कुट्टू आटा की बिक्री पर प्रभावी ढ़ंग से रोक नहीं लग पाई है। इसका खामियाजा शहर के रम्पुरा,सुभाष कालोनी,सामिया लेक सिटी कालोनी समेत कई जगह के परिवारों को भुगतना पड़ा। करीब एक दर्जन सदस्यों की खराब कुट्टू का आटा खाने से तबियत तेजी से बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराना पड़ा। कुट्टू का आटे के खाने से लोगों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने 6 की हालत को गंभीर बताते हुए भर्ती कर लिया है। जबकि अन्य के स्वास्थ्य में सुधार देखा घर चले गए। रम्पुरा,सुभाष कालोनी, सामिया लेक सिटी निवासी परिवारों के लोगों ने प्रथम नवरात्र पर व्रत रखा था। सायं काल मौहल्ले की ही एक किराने की दुकान से कुट्टू का आटा खरीद कर लाये और सभी ने इस आटे से बनी रोटियों खाई। बताया जा रहा है कि मध्य रात्रि रम्पुरा निवासी राम प्रकाश की पत्नी रेखा, पुत्री सोनम, वर्षा की तबियत बिगड़ने लगी। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देख डॉ एमके तिवारी ने उपचार के बाद भर्ती कर लिया। इसके अलावा सोमपाल, 10 वर्षीय दीप्ति, 12 वर्षीय किरन, 15 वर्षीय शिवम और सामिया लेक सिटी निवासी 27 वर्षीय सौरभ, उनकी मां कमलेश, बहन बेबी की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अन्य महिला रामवती की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी होने लगी, चक्कर आने लगे और शरीर ठंडा पड़ने के साथ ही बेहोशी आने लगी। जिससे परिजनों में हड़कम्प मच गया। आनन फानन में सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहीं दूसरी ओर जयनगर निवासी सुरेश कुमार उम्र 32 और उसकी पत्नी की भी हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। फिजिशियन डॉ एमके तिवारी के मुताबिक जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें भर्ती कर लिया है और जिनकी हालत ठीक है उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। कई रोगियों ने तो कुट्टू के आटे का नमूना सुरक्षित रख लिया है। चिकित्सा विभाग के अपर निदेशक व वरिष्ठ चिकित्सक डा- एमके तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। इधर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ ऊषा रावत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज भर्ती मरीजों का उपचार चल रहा है। कुट्टू का आटा खाने से 11 मरीज पहुंचे। उनमें से दो अलग-अलग परिवारों के 6 भर्ती हैं। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि इस मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को भेजी गई है। उधर कुट्टू का आटा खाने से लोगों की हालत बिगड़ने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया।

समाजसेवी संजय ठुकराल पहुंचे मरीजों का हाल जानने अस्पताल
रुद्रपुर। कुट्टू का आटा खाने से तबियत बिगड़ी लोगों का हाल जानने को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के छोटे भाई व समाजसेवी संजय ठुकराल भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मरीजों के परिजनों से मुलाकात कर जानकारी ली। उन्होंने जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि खराब कुट्टू का आटा न रखें।




मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
