नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में बाईक सवार किशोर की गर्दन में डिवाइडर का लोहे का एंगल घुसा,मृत्यु,दूसरा घायल
डिवाइडर पर कार्यदायी संस्था की ओर से लगाए गए हैं एंगल,सब्जी मंडी के पास की घटना, परिवार में कोहराम
रूद्रपुर। नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सड़क और कार्यदायी संस्था की घोर लापरवाही एक बार फिर काल बन गई। बुधवार की देर रात सब्जी मंडी गेट के सामने एक दर्दनाक हादसे में बाईक सवार किशोर की गर्दन में डिवाइडर का लोहे का एंगल घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों में संस्था के खिलाफ रोष है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र शिवनगर वार्ड नंबर 7 निवासी सचिन राठौर उम्र 16 बुधवार रात करीब 11ः30 बजे अपने एक साथी के साथ बाईक से घर लौट रहा था।
बाईक नैनीताल हाईवे पर सब्जी मंडी गेट के सामने पहुंची, वहां पहले से क्षति ग्रस्त पड़े डिवाइडर से बाइक टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डिवाइडर से लोहे के नुकीले एंगल बाहर की ओर निकले हुए थे। बाईक टकराते ही एक लोहे का एंगल सीधे सचिन की गर्दन में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने आनन-फानन में लहूलुहान सचिन को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।दूसरा युवक भी घायल हुआ है।हादसे की सूचना मिलते ही सचिन का परिवार अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे का शव देख परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल था। सूचना पर समाजसेवी संजय ठुकराल भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर
स्थिति का जायजा लिया और शव को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भिजवाया। घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा हुआ था। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 5-6 महीनों से हाईवे की सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। ठेकेदार सड़क का निर्माण न किए जाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उधर एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि एसआई धीरज टम्टा को पंचनामा की कार्रवाई के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस को परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
