ट्रांजिट कैंप में घरेलू गैस सिलेंडर का धमाका,मची अफरा-तफरी तीन लोग झुलसे, धमाके से गिरी दीवार से एक व्यक्ति भी घायल
घटना की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे, मौके पर दो बड़े गैस सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर पड़े थे

रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। हादसे में चार लोग झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। धमाके से दीवार गिरने से एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल कर्मी समेत पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर दो बड़े गैस सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर मिला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वह लोग किराए के मकान में रहते हैं। अचानक हुए हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्रित हो गए।फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप निवासी कुमार सेन, अंकित कुमार,सत्यवीर सिंह और सुमित कुमार एक ही किराए के मकान में रहते हैं। सभी सिडकुल की एक कंपनी में काम करते हैं और सामूहिक रूप से रहन-सहन और भोजन की व्यवस्था साझा करते थे। गुरुवार को चारों लोग कमरे में थे । तभी अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गईं। इससे तीन युवक झुलस गए। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। इसी बीच कमरे की दीवार गिर गई। इस दौरान एक युवक दीवार गिरने से घायल हो गया। धमाकों से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसी दौरान हादसे की जानकारी
पुलिस और दमकल विभाग को मिली और दमकल कर्मी समेत पुलिस मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
अग्निशमन अधिकारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग काफी हद तक पहले ही फैल चुकी थी, जिससे कमरे की दीवार गिर गई और लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेज दिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि सिलेंडर में विस्फोट किस कारण हुआ। पुलिस सूत्रों की मानें तो जहां हादसा हुआ, वहां पर दो बड़े गैस सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर मिले। पुलिस को आशंका है कि वह लोग बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस डाल रहे थे। कोतवाली ट्रांजिट कैंप के एसएसआईटी महेश कांडपाल ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।




मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
