पूर्व विधायक ठुकराल पहुंचे कोतवाली,एसएसआई से मिले,गोल टोपी वाली फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों पर कार्रवाई को पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी
आरोप सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध सुनियोजित तरीके से भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट साझा की जा रही हैं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के दुरुपयोग की भी आशंका भी जताई
रुद्रपुर। दो दिन पूर्व कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सोमवार को समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने एसएसआई केसी आर्या से मिले। उन्होंने पांच लोगों के नामजद सौंपी। पूर्व विधायक ठुकराल ने पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध सुनियोजित तरीके से भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट साझा की जा रही हैं। उन्होंने इस कृत्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व विधायक ने तहरीर में स्पष्ट किया है कि 28 मार्च 2026 को उनके कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ एक अभियान छेड़ दिया गया है। ठुकराल ने शहर के पांच लोगों को नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये व्यक्ति सोशल मीडिया एकाउंट्स पर लगातार उनके विरुद्ध असत्य और आधारहीन टिप्पणियाँ कर रहे हैं। एक गंभीर तकनीकी पहलू की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा है कि पूर्व में भी उन्हें ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के माध्यम से नुकसान पहुँचाया जा चुका है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद से ये तत्व पुनः सक्रिय हो गए हैं और एआई तकनीक का दुरुपयोग कर उनके व्यक्तित्व को विवादास्पद बनाने की साजिश रच रहे हैं। ठुकराल ने इस प्रकार की गतिविधियों को समाज में ‘विषवमन’ (नफरत फैलाना) करार दिया है।पूर्व विधायक ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन आपत्तिजनक पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट्स उन्होंने सुरक्षित रख लिए हैं और साक्ष्य के रूप में तहरीर के साथ संलग्न किए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर एसएसआई ने बताया कि पुलिस जांच की जा रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
