फर्जी एनसीईआरटी पुस्तकों का अंतराज्यीय गिरोह का खुलासा,मेरठ निवासी अभियुक्त नफीस खान गिरफ्तार,मुख्य सरगना संदीप सहित अन्य फरार,तलाश में जुटी पुलिस
आरोपी पर पूर्व में भी दर्ज है कॉपीराइट्स के मुकदमें, एक मेरठ और दूसरा भोजीपुरा बरेली में
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने फर्जी एनसीईआरटी पुस्तकों के अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने अभियुक्त को कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि कीरतपुर कोलड़ा में नकली किताब के गोदाम का भंडाफोड़ मामले में 17 मार्च को सहायक उत्पादन अधिकारी एनसीइआरटी दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने कापीराइट अधिनियम के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की थी। पुलिस की जांच में बनवारीपुर रोहटा मेरठ और हाल समर गार्डन लिसाड़ी गेट मेरठ निवासी नफीस खान उर्फ राजू पुत्र यामीन खान का नाम प्रकाश में आया था। जब जांच की गई तो पता चला कि वह मुख्य आरोपित संदीप और शाहरूख के साथ मिलकर एनसीइआरटी की नकली किताबों के लिए अलग अलग राज्यों में गोदाम किराए पर लेकर भंडारण कराता था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे पूछताछ को बुलाया और गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि नफीस खान पर थाना परतापुर मेरठ में वर्ष, 2020 में कापीराइट अधिनियम में प्राथमिकी पंजीकृत है। इसके अलावा थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली में भी वर्ष 2023 में कापीराइट में प्राथमिकी पंजीकृत है। जिसमें वह पूर्व में जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नफीस खान को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने नफीस खान को जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी,एसआई चन्दन सिंह बिष्ट, प्रवीण गोस्वामी, हरीश बिष्ट आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
