उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई,पार्षद प्रकाश धामी का सनसनीखेज हत्याकांड का 25 का इनामी मध्य प्रदेश का अंतरराज्यीय शूटर गिरफ्तार
2020 से चल रहा था फरार शूटर,जनपद पुलिस ने ईनाम घोषित किया था,कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई, एसटीएफ की सटीक सूचना पर दबोचा
रुद्रपुर। लंबे समय से फरार चल रहा इनामी,भगोड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तराखंड एसटीएफ को एक बड़ी सफलता मिली है।
एसटीएफ ने रुद्रपुर के पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का 25 हजार ईनामी शूटर और मध्य प्रदेश का अंतराज्यीय शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। 12 अक्टूबर 2020 को उत्तराखंड जनपद ऊधमसिह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक सुबह लगभग 9 बजे एक आई-10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे थे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। तभी कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां धामी के सिर,गले, सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया था,लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
हत्या के पीछे की वजह—–
पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी।हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग 4 लाख की सुपारी दी गई थी।
इस प्रकरण में पुलिस ने 7 आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अब तक 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड उत्तराखंड का चर्चित जघन्य अपराधों में से एक था। जिसमें शामिल आरोपी पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया था। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के सूचना मिली थी कि पार्षद धामी हत्याकांड इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। एसटीएफ टीम एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन घेराबंदी एवं चैकिंग अभियान चलाया।सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के चलते टीम ने इनामी आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में यह आरोपी एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था। जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था।
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में हत्या,हत्या का प्रयास,लूट, डकैती,रंगदारी-वसूली व गैंगस्टर के करीब 1 दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं।एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत जघन्य अपराधों में वांछित एवं फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
रिंकू शर्मा उर्फ पंडित
पुत्र मुकेश शर्मा
निवासी जग्गा का पुरा
थाना – डिमनी
जिला मुरैना मध्य प्रदेश।
उत्तराखंड एसटीएफ टीम में
निरीक्षक एमपी सिंह,एसआई प्रकाश भगत,हेड कांस्टेबल गोविन्द बिष्ट,गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा,हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल,हेड कांस्टेबल
दुर्गा सिंह पापड़ा समेत
कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी,एसआई चन्दन सिंह बिष्ट,अमित कुमार,रघुनाथ सिंह आदि शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
