किच्छा-खटीमा नई रेल लाइन को मंजूरी, 350.85 करोड़ से बिछेगी लाइन 57.7 किलो मीटर लंबी नई रेल लाइन, स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेंगे अवसर
रुद्रपुर। उत्तर पूर्वी रेलवे ने किच्छा-खटीमा नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 57.7 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। जिसकी स्वीकृत लागत 350.85 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। रेलवे विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक परियोजना में 122.45 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय (कैपिटल), 20 करोड़ रुपये विशेष निधि (स्पेशल फंड) और 208.40 करोड़ रुपये डिपॉजिट मद के अंतर्गत खर्च किए जाएंगे। रेल लाइन जिले के किच्छा और सीमांत क्षेत्र खटीमा को सीधे और बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुविधाएं मजबूत होंगी। जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक गतिविधियों और कृषि क्षेत्र को भी गति मिलने की संभावना है। खटीमा जैसे सीमांत क्षेत्र तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक परियोजना को चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तकनीकी सर्वे, भूमि अधिग्रहण और प्रशासनिक औपचारिकताओं की प्रक्रिया जारी है। विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि सभी आवश्यक मंजूरियां पूरी होते ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा
का कहना था कि
किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास के लिए अहम कदम है। 57.7 किमी लंबी इस लाइन से सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से जल्द शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
