ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गैस रिसाव से आग धधकी फिर सिलेंडर में ब्लास्ट,अफरा तफरी,हादसे में एक बालिका समेत 5 झुलसे,एक की हालत गंभीर
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू, अस्पताल में भर्ती
रूद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग धधक गई। इसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस दौरान एक बालिका समेत पांच लोग झुलस गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसे लोगों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने जांच शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड विभाग के अग्निशमन अधिकारी महेश चन्द्र के मुताबिक ट्रांजिट कैंप के चामुंडा मंदिर वार्ड 8 में गैस रिसाव के बाद आग गई। इसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इससे वहां पर अफरा तफरी मच गई। इस हादसे से पांच लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पहुंची। पुलिस के मुताबिक किराए के कमरे में रहने वाले रामा आसरे के सिलेंडर में रिसाव होने के बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जिसमें रामा आसरे उनकी पत्नी देवकी झुलस गई। इसके साथ ही उसी मकान में रह रहे अनीता, संगीता देवी और तीन वर्षीय बालिका पारुल भी आग की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वहां पर अफरातफरी मच गई। सभी को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक देवकी की हालत गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया है। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की टीम जांच शुरू कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़े गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग की घटनाएं हो रही है।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
