रुद्रपुर के स्पेयर पार्ट्स व्यापारी के दो कर्मियों से ट्रेन में बदमाशों ने तमंचे की नोक पर लाखों की नगरी लूटी,फायरिंग भी की,यात्रियों को धमकाया, रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे व्यापारियों ने घटना पर जताया रोष
बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन की धीमी गति होने पर बदमाश उतर कर भागे,घटना स्थल बिलासपुर क्षेत्र की,पुलिस जुटी सीसीटीवी कैमरे खंगालने में
रूद्रपुर। रूद्रपुर और बिलासपुर के मध्य अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने चलती ट्रेन में शहर के एक व्यापारी की दुकान के दो कर्मियों से तमंचें की नोक पर लाखों रूपये लूट लिए। बदमाशों ने ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों को भी हथियार दिखाते हुए धमकाया। बाद में बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेन की धीमी गति होने पर उतर कर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत तमाम व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ चौकी प्रभारी से मुलाकात कर घटना पर रोष जाहिर करते हुए बदमाशों को पकड़ने की मांग की। हालांकि घटना स्थल बिलासपुर क्षेत्र का है और पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक स्पेयर पार्ट्स के व्यापारी मंजीत सिंह की सिंह कालोनी में स्पेयर पार्ट्स दुकान है। दुकान पर रितिक मंडल व साहब सिंह काफी समय से काम करते हैं। बुधवार सुबह दोनों कर्मी दुकान का सामान लेने के लिए दिल्ली जाने के लिए रुद्रपुर रेलवे सिटी पहुंचे। दोनों कर्मी काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली सम्पर्क क्रांति ट्रेन में दिल्ली को रवाना हुए। दुकान स्वामी मंजीत सिंह के मुताबिक ट्रेन रूद्रपुर से बिलासपुर के समीप पहुंची। इससे पहले तीन बदमाशों ने रितिक मंडल व साहब सिंह पर तमंचा तानकर उनके पास रखे सात लाख रूपये लूट लिए और वहां बैठे अन्य यात्रियों पर भी तमंचा तानते हुए चुपचाप बैठने को धमकाया। बदमाशों ने किसी अन्य यात्री से कोई सामान नहीं लूटा। जब ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन की गति धीमी हुई तो तीनों बदमाश तेजी से उतरकर फरार हो गये। दोनों कर्मियों ने घटना की जानकारी तत्काल दुकान स्वामी मंजीत सिंह को दी। इसके बाद दुकान स्वामी मंजीत सिंह व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा को अवगत कराया और व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत तमाम व्यापारी स्टेशन पहुंचे। थोड़ी देर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे।उन्होंने जीआरपी पुलिस से मुलाकात कर घटना से अवगत कराया। चौकी प्रभारी आरपीएफ घटना जानकारी को बिलासपुर थाना पहुंचे। व्यापारी भी बिलासपुर पहुंचे। व्यापारियों ने बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद करने की मांग की। उन्होंने घटना पर गहरा रोष जताते हुए कहा कि ट्रेन में प्रतिदिन सैकड़ों लोग यात्र करते हैं जिनमें शहर के व्यापारी भी शामिल है। अब ट्रेन का सफर भी सुरक्षित नहीं रह गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि रेलवे पुलिस अपनी जिम्मेवारी को ठीक तरह से नहीं निभा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप आज यहां सरेआम चलती ट्रेन में लूट की वारदात सामने आई। उधर पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टेशन अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
