मारपीट और फायरिंग प्रकरण में 8 नामजद समेत कई अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज,पुलिस की कार्रवाई तेज
हमलावरों ने शुक्रवार को दिन दहाड़े घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था,एक युवक गोली लगने से घायल हुआ
रूद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र आजाद नगर में आपसी विवाद के चलते दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। हमलावरों ने घर पर पथराव करने के साथ ही तमंचे से फायरिंग की थी । जिसमें एक युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ नामजद और कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर 7 श्मशान भूमि रोड आजाद नगर निवासी अजय पुत्र भूरे लाल ने पुलिस को दी तहरीर दी। तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल की सुबह लगभग 10ः30 बजे उनके छोटे भाई हेमंत का गली के कुछ लड़कों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय हेमंत किसी तरह जान बचाकर घर भाग आया, लेकिन कुछ ही देर बाद हमलावर एकजुट होकर उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि अनुज, सचिन, हिमांशु, गौरव, राहुल, अरविंद गंगवार, सुमित बंगाली और बन्सु अपने साथ 5-6 अन्य अज्ञात लड़कों को लेकर आए थे। इन सभी के हाथों में तेज धारदार हथियार और तमंचे थे। अजय का आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर गंदी-गंदी गालियां दीं और पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद उक्त जबरन घर के भीतर घुस आए और हेमंत व राजेश के साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच एक आरोपी ने राजेश पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिससे तमंचे के छर्रे राजेश के हाथ और गले में जा लगे। हमले में हेमंत को भी गंभीर गुम चोटें आई हैं। शोर-शराबा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
