डीएम ने एडीएम वित्त की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित,समिति विधायक पांडे के पुत्र से जुड़े भूमि प्रकरण की जांच करेगी,डीएम ने 15 दिन में जांच प्रस्तुत करने के निर्देश दिए
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे से जुड़े भूमि प्रकरण की जांच के आदेश दिये हैं। डीएम ने इस मामले की जांच रिपोर्ट 15 दिन में देने के लिए एक समिति का गठन किया है। समिति एडीएम वित्त की अध्यक्षता में गठित की गई है।
शिकायतकर्ता नन्नी देवी पत्नी स्व. तुला सिंह, निवासी ग्राम सैंमलपुरी, तहसील बाजपुर द्वारा प्रस्तुत शिकायत पत्र में भूमि से संबंधित अनियमितताओं के कई बिंदु उठाए गए थे।शिकायत में बताया कि ग्राम सैंमलपुरी स्थित खाता संख्या 20 के अंतर्गत खसरा नंबर 25/1 (रकबा 1.154 हेक्टेयर) एवं खसरा नंबर 26 (रकबा 0.379 हेक्टेयर) भूमि दर्ज है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2010-11 में उक्त भूमि का हस्तांतरण नियमों के विपरीत सामान्य जाति के व्यक्ति विधायक के पुत्र अतुल कुमार के नाम कर दिया गया। जबकि यह भूमि अनुसूचित जनजाति से संबंधित बताई गई है। जिसका हस्तांतरण नियमानुसार संभव नहीं है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद पांडे चूंकि एक विधायक हैं और जमीन का यह मामला उनके बेटे से जुड़ा है लिहाजा उनके रसूख को देखते हुए इस मामले में न्यायालय के निर्णय के बावजूद भूमि पर कब्जा नहीं दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने जांच के लिए एक समिति का गठन किया है।गठित समिति में एडीएम (वित्त/राजस्व) को अध्यक्ष, एसडीएम बाजपुर को सदस्य सचिव और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत में उल्लिखित सभी बिंदुओं की गहन जांच कर 15 दिनों के भीतर स्पष्ट आख्या एवं अभिमत सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
