पूर्व विधायक ठुकराल ने जनपद में चल रहे अवैध खनन और ओवरलोडेड डंपरों के संचालन से हो रही अवैध वसूली को लेकर मोर्चा खोला,अवैध वसूली में करने वाले पर कार्रवाई न होने पर धरने पर बैठने की दी चेतावनी,पुलिस की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए
एसएसपी,एसपी सिटी, एसपी क्राईम और अभिसूचना इकाई को संबोधन शिकायती पत्र सौंपे,शिकायती पत्र में पुलिस के नाम वसूली का आरोप
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जनपद ऊधमसिंह नगर में चल रहे अवैध खनन और ओवरलोडेड डंपरों के संचालन से अवैध वसूली करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पुलिस कार्यालय पहुंच एसएसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों के नाम शिकायती पत्र एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी को सौंपे हैं। कार्रवाई न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। मंगलवार दोपहर को पूर्व विधायक ठुकराल पुलिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी की गैर मौजूदगी में उनके कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। इसके अलावा उन्होंने एसपी क्राइम के कार्यालय में कार्रवाई को पत्र दिया। जबकि पूर्व विधायक ने एसपी सिटी को भी पत्र दिया। उन्होंने सौंपे गए पत्र में आरोप लगाया कि जनपद में सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में डंपर चालकों से खुलेआम उगाही की जा रही है। जिससे खाकी की छवि धूमिल हो रही है। पूर्व विधायक ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी ने गत 16 अप्रैल को रुद्रपुर कोतवाली में एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया कि सत्ताधारी व्यक्ति को कथित तौर पर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। पुलिस के नाम पर डंपर चालकों से अवैध धन की वसूली कर रहा है। ठुकराल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तहरीर और पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद दो सप्ताह बीत जाने पर भी पुलिस ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। पूर्व विधायक ने पुलिस की चुप्पी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली और राजनीतिक दबाव में पुलिसीया तंत्र के फेल होने का प्रमाण है। पूर्व विधायक ने कुंडा थाना क्षेत्र के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा सहयोग न मिलने के कारण पूर्व में एक अप्रिय घटना घटित हो चुकी है, क्या प्रशासन दोबारा उसी स्थिति का इंतजार कर रहा है? ठुकराल ने सवाल उठाया कि क्या ऊधमसिंह नगर पुलिस की नजरों में अवैध डंपरों और आम नागरिकों की जान का कोई मूल्य नहीं है? उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। उन्होंने अवैध वसूली में शामिल पुलिस कर्मियों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापक जनहित में इस भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह इस व्यवस्था के विरुद्ध धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। जांच होने के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
