रुद्रपुर में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार,दो मई को होगा तृतीय संकीर्तन महोत्सव,एक मई को फुटबॉल ग्राउंड ट्रांजिट कैंप से भव्य निशान यात्रा निकलेगी
पूर्व विधायक ठुकराल और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की दी जानकारी
रुद्रपुर। श्री खाटू श्याम सेवा समिति शिवनगर के तत्वावधान में आगामी दो मई को इंडियन पब्लिक स्कूल शिवनगर के प्रांगण में तृतीय भव्य ‘श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं समिति के पदाधिकारियों ने सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। पूर्व विधायक ठुकराल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य महोत्सव के आगाज से पूर्व एक मई को भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का शुभारंभ फुटबॉल ग्राउंड ट्रांजिट कैंप से होगा, जो खाटू मंदिर गल्ला मंडी से होते हुए इंडियन पब्लिक स्कूल ट्रांजिट कैंप पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान श्याम भक्त हाथों में पवित्र निशान और बाबा के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करेंगे, जिससे पूरा क्षेत्र श्याममयी हो जाएगा। महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित होने वाले संकीर्तन में ख्याति प्राप्त भजन गायक अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर करेंगे। मुख्य रूप से सुप्रसिद्ध गायक संजू पागल,खुशबू राधा,नरेश सैनी और हिमांशु मारवाड़ी बाबा श्याम के चरणों में भजनों की पुष्प वर्षा करेंगे। आयोजकों ने जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें। पत्रकार वार्ता के दौरान संजीव गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, विकास बंसल, राजेश रस्तोगी, अनुज गंगवार, यीशु पाठक, सुनील जालिम, राकेश शर्मा,सुनील चुघ,शिवांग पाठक सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
