संदिग्ध परिस्थितियों में महिला घर में फंदे पर लटकी मिली,मृत्यु
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा,सूचना पर मृतका के मायके वाले पहुंचे, दामाद पर हत्या करने का लगाया आरोप
रुद्रपुर। चौकी रम्पुरा क्षेत्र में एक महिला घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजन उसे उतार कर आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक खेड़ा वार्ड 19 निवासी राजपाल का विवाह 10 साल पहले गांव नटूरा थाना बनड़ा, शाहजहांपुर यूपी निवासी 35 वर्षीय पूनम से हुआ था। विवाह के बाद उनके दो पुत्र सात वर्षीय अंशुल और दो वर्षीय गौरव हुए। राजपाल और उसका छोटा भाई गोविंदा की खेड़ा में ही घर पर चिकन शाप की दुकान है। मंगलवार शाम को गोविंदा दुकान पर था। जबकि अंशुल ट्यूशन गया हुआ था और राजपाल कमरे में पड़ा हुआ था। इसी बीच अज्ञात कारणों के चलते पूनम ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर लटक गई। कुछ देर बाद जब पड़ोसी महिला वहां आई तो उसे लटका देख उसके होश उड़ गए। शोर शराबा होने पर परिवार के अन्य लोग पहुंचे। उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस पर परिजन उसे लेकर घर पहुंच गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर, घटना की सूचना पर मृतका के शाहजहांपुर, थाना बनडा, गांव नटूरा निवासी पिता छवि नाथ, भाई मुनेंद्र और सूरज समेत अन्य लोग पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने राजपाल पर पत्नी पूनम की हत्या करने का आरोप लगाया। बताया कि राजपाल अक्सर पूनम को पीटता था। राजपाल ने ही पूनम से मारपीट कर पहले उसका गला दबाया और बाद में उसे आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया। उधर एसएसआई नवीन बुधानी का कहना है कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले में जांच भी कर रही है। फिलहाल मृतका के मायके वालों की ओर से तहरीर नहीं दी है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
