शौर्य और बलिदान को नमन, जनपद पुलिस ने गरिमापूर्ण ढंग से मनाया विजय दिवस

रुद्रपुर। 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में विजय दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रुद्रपुर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि विजय दिवस हमें भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। यह दिन प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा।
शहीदों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने 1971 के युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों की स्मृति में पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यहां पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस कर्मी समेत अन्य लोगों ने शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वीर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। पुलिस बल ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

युद्ध विजेता पूर्व सैनिकों का सम्मान—–
कार्यक्रम में मौजूद महापौर, रुद्रपुर विकास शर्मा तथा एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने 1971 के युद्ध में भाग लेकर देश को विजय दिलाने वाले पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उनके साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति निष्ठा को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। यहां पर एसपी क्राइम निहारिका तोमर समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा——
विजय दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन, चित्रकला एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
