राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
मुख्यमंत्री संबोधित मांग पत्र एडीएम को सौंपा
रुद्रपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारी एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मियों ने एडीएम कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। मांग पत्र में लंबित मांगों के निराकरण की मांग की। परिषद के जिलाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कार्मिकों और पेंशनरों ने मांगों को लेकर नारेबाजी की। एडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में सेवाकाल में तीन पदोन्नति न पाने वाले कार्मिकों को 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा के उपरांत एसीपी के तहत पदोन्नत वेतनमान देने,गोल्डन कार्ड से जनऔषधि केंद्रों से कैशलेस दवा, विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच की सुविधा देने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही कर्मियों ने वेतन विसंगति दूर करने, 10 वर्ष से अधिक सेवा वाले कार्मिकों को पदोन्नति में शिथिलता देने, वाहन भत्ते में बढ़ोत्तरी, विभिन्न विभागों का पुनर्गठन और सेवा नियमावली में संसोधन करने, पुरानी पेंशन योजना बहाली समेत कई अन्य मांगो को उठाया। कर्मियों ने मांगों का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में संगठन के मुख्य संरक्षक एसके नय्यर,जिला मंत्री सचिन कुमार, प्रदेश अध्यक्ष मंडी बोर्ड राजेंद्र प्रसाद, रविंद जीत सिंह, सुभाष रयाल, भगीरथ, प्रताप सिंह, राम सिंह मेहता आदि शामिल थे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
