कांवरियों की सुरक्षा के हों पुख्ता इंतजामः कमल जिंदल
भाजपा जिलाध्यक्ष ने डीएम से की वार्ता, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने की मांग

रुद्रपुर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा और व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने जिलाधिकारी से वार्ता कर कांवड़ यात्रा के मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का सुझाव दिया।
जिलाध्यक्ष ने डीएम को अवगत कराया कि शिवरात्रि के उपलक्ष्य में कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला अब गति पकड़ चुका है, जो आगामी 15 फरवरी तक अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पूर्व के अनुभवों को देखते हुए प्रशासन को अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है। क्योंकि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक यात्राओं के दौरान माहौल बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास करते रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर ऐसे संदिग्ध तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।यात्रा के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का उल्लेख करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कई स्थानों पर यातायात के भारी दबाव के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे पैदल चल रहे कांवड़ियों को काफी कष्ट झेलना पड़ता है। उन्होंने कांवड़ रूट पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए। डीएम ने बताया कि जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा के इंतजाम पहले ही चाक-चौबंद कर लिए गए हैं। पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
