रुद्रपुर में बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती,सीईओ ने बंद करने के आदेश किए
अभी और भी है स्कूल रडार पर, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की गई थी,इसके बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई
रुद्रपुर। उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर मुख्यालय रुद्रपुर में बिना मान्यता संचालित एक निजी एकेडमी के खिलाफ शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद करने के आदेश जारी किए गए। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई हुई है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक रुद्रपुर में मलिक कॉलोनी स्थित ब्लू डायमंड एकेडमी के खिलाफ 26 दिसंबर 2025 को शिकायतकर्ता अनिल कुमार कंबोज ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि यह एकेडमी बिना मान्यता के संचालित हो रहा है और पूर्व में उप शिक्षा अधिकारी की जांच में भी यह तथ्य सामने आया था।बताया गया कि जांच के दौरान उप शिक्षा अधिकारी ने एकेडमी को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन बताते हुए तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए थे। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो एक लाख रुपये का अर्थदंड और कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी रहा, जो विभागीय आदेशों की अवहेलना और आरटीई एक्ट की धारा 18 के तहत दंडनीय अपराध माना जा रहा है।शिकायत में विद्यालय को तत्काल सीलबंद करने, नियमानुसार एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाने, आदेशों की अनदेखी में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई थी।शिकायत के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने 6 फरवरी को उप शिक्षा अधिकारी मो. सावेद आलम को मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच में विद्यालय संचालित पाया गया, जिसके बाद 16 फरवरी को रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी गई। सीईओ कुंवर सिंह रावत ने बताया कि जानकारी मिलते ही स्कूल को तत्काल बंद करने के आदेश जारी दिए गए हैं। यदि प्रबंधन आदेश का पालन नहीं करता है तो पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग वैकल्पिक व्यवस्था करेगा और उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से नए बैच की शुरुआत से पहले विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई भी संस्थान बिना मान्यता संचालित न हो सके।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
