जन सुनवाई दिवस पर पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा युवक, पुलिस से नोंक झोंक
पुलिस की सतर्कता के चलते घटना टली, युवक ने प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता पर लगाए आरोप, पिछले कई माह से भटक रहा न्याय के लिए
रुद्रपुर। गुरुवार को जनपद मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर गदरपुर में आयोजित जन सुनवाई दिवस में आत्मदाह के इरादे से हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा युवक को देख पुलिस के हाथ पैर फूल गए। न्याय न मिलने और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर एक चाय विक्रेता ने आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पुलिस व्यवस्था और जन प्रतिनिधियों की संवेदन शीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि वह पिछले चार महीनों से अपनी फरियाद लेकर दर-दर भटक रहा है,लेकिन उसकी सुनवाई कहीं नहीं हुई। सोनू नामक चाय विक्रेता ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व रविवार बाजार में अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया था,जिसमें एक मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी थी। घटना के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि इतने लंबे समय बाद भी न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही जांच शुरू हुई। पीड़ित के मुताबिक, चेयरमैन सहित कई जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, परंतु हर जगह से उसे केवल कोरा आश्वासन ही मिला। न्याय की उम्मीद पूरी तरह टूट जाने पर वह पेट्रोल की बोतल लेकर निकला और आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता के चलते उसे काबू कर लिया। हालांकि पीड़ित की पुलिस से नोंक झोंक भी हुई, पीड़ित यहां तक कह रहा वह दूसरी बोतल ले आएगा। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का भी कहना था कि यदि पुलिस छोटे मामलों में भी संवेदनशीलता दिखाए, तो किसी आम नागरिक को इतना आत्मघाती कदम उठाने पर विवश नहीं होना पड़ेगा। हालांकि पुलिस अधिकारी उसे मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दे रहे हैं।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
