पंतनगर विश्वविद्यालय में 4 दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता शुरू
महामहिम राज्यपाल ने किया दीप प्रज्ज्वलित कर व मशाल प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ
पंतनगर। महामहिम राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पंतनगर विश्वविद्यालय में 4 दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का दीप प्रज्ज्वलित कर व मशाल प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। महामहिम राज्यपाल ने 800 मीटर पुरुष, महिला वर्ग रेस के विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। 800 मीटर रेस पुरुष वर्ग में एसएस जे अल्मोड़ा के अंकित नाथ प्रथम,श्रीदेव सुमन टिहरी गढ़वाल के आसिफ द्वितीय, एसएस जे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जबकि महिला वर्ग 800 मीटर रेस में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की नीतू प्रथम,संस्कृति विवि हरिद्वार की चांदनी द्वितीय व एसएस जे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रही। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में आप सभी छात्र-छात्राओं और देवभूमि उत्तराखंड की उज्ज्वल युवा शक्ति के मध्य उपस्थित होना मेरे लिए अत्यंत हर्ष और आत्मगौरव का विषय है। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि युवाशक्ति,अनुशासन,संकल्प और राष्ट्रभावना का उत्सव है।उत्तराखंड को हम देवभूमि कहते हैं यह आस्था की भूमि है, तप की भूमि है,त्याग और पराक्रम की भूमि है। परंतु आज मैं इसे युवाशक्ति की भूमि के रूप में देख रहा हूँ। हिमालय की ऊँचाइयाँ हमें ऊँचा लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देती हैं।उन्होंने कहा कि हमारी मूल भावना है,—“राष्ट्र सर्वोपरि”। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं। मैदान में जो अनुशासन, समर्पण और टीम भावना विकसित होती है, वही आगे चलकर राष्ट्र प्रथम की चेतना को सुदृढ़ करती है। जब कोई खिलाड़ी मैदान में उतरता है, तो वह केवल स्वयं का नहीं, बल्कि अपने राज्य और अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता है।
विश्वविद्यालय जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षा और खेल—दोनों का संतुलित विकास ही संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। जो विद्यार्थी पढ़ाई में उत्कृष्ट है और खेल में सक्रिय है, वही आत्मविश्वासी, संतुलित और नेतृत्व क्षमता से युक्त नागरिक बनता है।शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि समग्र विकास करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया है कि खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व को विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। यह महोत्सव उसी भावना का सशक्त उदाहरण है। कहा कि “फिट युवा, सशक्त भारत” का संकल्प तभी साकार होगा जब हमारे विश्वविद्यालय खेलों को प्राथमिकता देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने देश में जनभागीदारी से खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। आज हमारे बीच बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी भी भाग ले रही हैं। यह अत्यंत हर्ष का विषय है। “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” केवल एक विचार नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आधार है। जब बेटियाँ खेल में आगे बढ़ती हैं, तब समाज की सोच नहीं, राष्ट्र की दिशा बदलती है।
विश्वविद्यालय स्तर से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच की तैयारी प्रारंभ होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि आप केवल इस प्रतियोगिता तक सीमित न रहें, बल्कि ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों को अपना लक्ष्य बनाएँ। उन्होंने कहा उत्तराखंड की धरती से भी ऐसे खिलाड़ी निकलें जो विश्व पटल पर भारत का तिरंगा ऊँचा करें। जब तिरंगा विश्व मंच पर लहराता है, तो वह केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं, 140 करोड़ भारतवासियों का गौरव होता है। वह क्षण पूरे राष्ट्र की सामूहिक चेतना और गर्व का क्षण बन जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों याद रखिए, आज का खिलाड़ी कल का नेतृत्वकर्ता है। आपका परिश्रम, अनुशासन और आपका संकल्प—विकसित भारत 2047 की आधारशिला है। जब युवा सशक्त होगा, तभी राष्ट्र सशक्त होगा; जब राष्ट्र सशक्त होगा, तभी विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और ऊँची होगी। इन्हीं भावनाओं के साथ, मैं उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएँ देता हूँ और आप सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में आए अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया व सभी खिलाड़ियों से खेल भावना तथा अनुशासन से खेलने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि इस अंतर राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में 10 विश्वविद्यालयो के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस अवसर पर कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो .डीएस रावत,अल्मोड़ा विश्वविद्यालय डॉ सतपाल सिंह बिष्ट,कुलसचिव दीपा विनय, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी क्राईम जितेन्द्र चौधरी,एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, सीएमओ केके अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के डीन,डायरेक्टर,कोच, निर्णायक, खिलाड़ी मौजूद थे।



मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
