गरीब रथ एक्सप्रेस को बंद करने पर जताया व्यापारियों ने रोष,पुनः संचालन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह से मुलाकात कर ट्रेन संचालन कराने की मांग की
रुद्रपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से काठगोदाम से जम्मूतवी के लिए संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 12207 जम्मूतवी गरीब रथ एक्सप्रेस को पुनः संचालित करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने बताया कि उक्त ट्रेन पिछले 15 वर्षो से चल रही थी और पूरी गाड़ी यात्रियों से फूल चलती थी, मगर लगभग पिछले चार माह से बंद है, जिसके कारण रुद्रपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन पूर्व में प्रत्येक मंगलवार को काठगोदाम से जम्मूतवी के लिए संचालित होती थी और रुद्रपुर,नानकमत्ता , सितारगंज,बाजपुर,किच्छा, गदरपुर के व्यापारीयों और माता वैष्णो दरबार जाने वाले भक्त , राधा स्वामी डेरे ब्यास जाने वाली संगत,पहाड़ के सैनिकों को जम्मू बॉडर, पठानकोट छावनी कैम्प जाने वाले फौजी भाईयों,देवी तालाब मन्दिर जलन्धर जाने वाले भक्तो के साथ साथ लुधियाना से हौजरी का कारोबार करने वाले हजारों व्यापारी तथा तराई की आम जनता की रिश्तेदारी पंजाब में होने वजह से पंजाब जाने वालो की बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन के माध्यम से जम्मू-कश्मीर, पंजाब,पठानकोट,जालंधर, लुधियाना, अंबाला,सहारनपुर , युमनानगर, जगाधरी व अन्य शहरों की यात्रा करते थे। अचानक से ट्रेन बंद होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 12207 जम्मूतवी गरीब रथ एक्सप्रेस को पूर्व की भांति पुनः संचालित करने की मांग की। साथ ही यह भी मांग की गई कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाए।इस पर क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस विषय को रेलवे बोर्ड की आगामी बैठक में रखा जाएगा, ताकि ट्रेन का पुनः संचालन सुनिश्चित कराया जा सके। यहां प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री निर्मल हंसपाल, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गाबा, जिला उपाध्यक्ष सुरमुख सिंह विर्क, महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा,पार्षद इंद्रजीत सिंह, राजेश कामरा, पवन गाबा,गौरव गांधी,रूप सिंह विर्क, आशु गंभीर,सागर छाबड़ा, पारस अरोरा,अपार सिंह बेदी, लवली परूथी, जतिन नागपाल, जीत सिंह चाचू, दीपू तनेजा, प्रशांत शर्मा आदि व्यापारी मौजूद थे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
