पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित 119वां चार दिवसीय किसान मेला पुरस्कार वितरण के साथ समापन,मुख्य अतिथि पूर्व सीएम कोश्यारी
मुख्य अतिथि ने कहा किसान मेले से किसानों, वैज्ञानिकों और छात्रों को एक ही स्थान पर सीखने और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है,पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि यहाँ से किसान नई तकनीकी राष्ट्र की प्रगति में किसान,वैज्ञानिक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण
पंतनगर। चार-दिवसीय 119 वां अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम सोमवार को पुरस्कार वितरित के साथ ही समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल, महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड, पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी पहुंचे। मंचसीन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान के साथ ही अन्य अतिथि रहे।मुख्य अतिथि कोश्यारी ने पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि किसान मेले के माध्यम से किसानों, वैज्ञानिकों और छात्रों को एक ही स्थान पर सीखने और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि यहाँ से किसान नई तकनीक और नई प्रेरणा लेकर अपने गांवों तक जाते हैं। किसान यहाँ केवल सीखने ही नहीं आते, बल्कि अपने अनुभव भी साथ लेकर आते हैं, जिससे ज्ञान का आदान-प्रदान और अधिक प्रभावी होता है। राष्ट्र की प्रगति में किसान और वैज्ञानिक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। भारत प्राचीन काल से ही अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ता रहा है और आज विश्व में एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है। भारत तेजी से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। भारत की पहचान “ऋषि और कृषि” से बनती है। हमारी परंपरा ऋषियों के ज्ञान और किसानों की मेहनत पर आधारित रही है। उन्होंने वैज्ञानिकों, छात्रों और शोधकर्ताओं से अपील की कि वे अपने ज्ञान और अनुसंधान को किसानों तक पहुँचाने का कार्य निरंतर करते रहें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को क्यूएस रैंकिंग में स्थान प्राप्त होना गर्व की बात है, लेकिन असली सफलता तब होगी जब यहाँ से सीखकर किसान अपने खेतों में नई तकनीक अपनाएँ और अपनी आय तथा उत्पादन बढ़ाएँ। आज दुनिया में मोटे अनाज की मांग तेजी से बढ़ रही है। पहले इन्हें गरीबों का भोजन माना जाता था, लेकिन आज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होने के कारण देश-विदेश में इनकी मांग बढ़ गई है। उन्होंने इन फसलों के उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि अनुसंधान का परिणाम खेतों में दिखाई देना चाहिए और उसका सीधा लाभ किसानों तथा ग्रामीण समाज तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जब किसान आगे बढ़ेंगे, तभी प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने किसानों, वैज्ञानिकों और छात्रों को शुभकामनाएँ दी। किसान मेले की अध्यक्षता करते कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि मुख्य अतिथि कोश्यारी एक ऊर्जावान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने कहा कि कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित सम्मान पद्म भूषण से अलंकृत किया गया है और यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि सम्मान प्राप्त करने के बाद वे पहली बार पंतनगर विश्वविद्यालय आए हैं। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय किसानों को नई तकनीकों और उन्नत फसल किस्मों की जानकारी देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण, पशुपालन तकनीक तथा कृषि आधारित नवाचार किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। विष्वविद्यालय कृषि यंत्रीकरण, डेयरी, मत्स्य पालन, बागवानी, मशरूम उत्पादन तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक द्वारा गोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को इन चुनौतियों से निपटने के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में चार-दिवसीय 119वें किसान मेले के बारे में जानकारी देते हुए डा. जितेन्द्र क्वात्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय के लगभग 50 लाख के बीज, पौधे व कृषि साहित्यों की बिक्री की गयी। उन्होंने बताया कि इस मेले में विभिन्न फर्मों, विष्वविद्यालय एवं अन्य सरकारी संस्थाओं के छोटे-बड़े लगभग 416 स्टाल लगाये गये। लगभग 21 हजार 5 सौ से अधिक पंजीकृत एवं अपंजीकृत किसानों एवं विद्यार्थियों ने मेले का भ्रमण किया।विश्वविद्यालय में चल रहे चार-दिवसीय किसान मेले के समापन समारोह में आज किसान मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा प्रदर्शित किये गये जिसमें पौष्टिक भोजन कम दामों पर उपलब्ध कराने हेतु प्रशंसनीय कार्यो हेतु महिला क्बल, पंतनगर को पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसको महिला क्लब की अध्यक्षा वीना चौहान एवं उनकी टीम ने प्राप्त किया। इस अवसर पर चयनित स्टालों को भी पुरस्कृत किया गया। किसान मेले में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए मैसर्स एएच एसोसिएट्स, काशीपर तथा सर्वोत्तम स्टॉल के लिए मैसर्स जय गुरुदेव इंडस्ट्रीज, रुद्रपुर को पुरस्कृत किया गया। उत्पादों की विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिता हुई जिसमें कुल 66 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 63 प्रतिभागियों को विभिन्न वर्गों में पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था को प्रथम तथा उत्तराखंड सैनिक फार्म को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को घरेलू उत्पादों एवं मोटे अनाजों से उत्पाद हेतु सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पशुचिकित्सा एवं पशुविज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मॉडल के माध्यम से नवाचार बनाने हेतु प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किये गये। साथ ही मेले में लगाये गए विभिन्न वर्गों के स्टॉलों को भी उनके प्रदर्षन व बिक्री के आधार पर पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में डा. एसके वर्मा ने कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय का स्टाफ समेत अन्य लोग मौजूद थे।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
