ट्रांजिट कैंप पुलिस ने संदिग्ध को घेराबंदी कर दबोचा, तमंचा और कारतूस बरामद,पुलिस का वाहन देख दौड़ लगा दी थी
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में लोगों में खौफ पैदा और सुरक्षा की दृष्टि से लेकर चलने की बात कबूल की,कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई
रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को घेराबंदी कर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सोमवार रात कोतवाली से उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए गश्त पर थे। पुलिस गड्ढा कॉलोनी से होते हुए पंचवटी फेज-1 के पास पहुंची तो मुख्य मार्ग से कुछ भीतर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में टहलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर घबरा गया और भागने लगा। संदेह होने पर टीम ने पीछा कर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद मैसाद पुत्र भूरा खान निवासी शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी बताया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और नाल में फंसा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब पुलिस ने हथियार के लाइसेंस के बारे में पूछा, तो वह माफी मांगने लगा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और लोगों में अपना खौफ पैदा करने तथा अपनी सुरक्षा के उद्देश्य से यह तमंचा अपने पास रखता था। पुलिस ने अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर के साथ हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल विपेंद्र सिंह शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
