विधायक बेहड़ के प्रयासों से किच्छा को ऐतिहासिक सौगातः 4.99 करोड़ से बनेगा भव्य कम्युनिटी हॉल, सीएम धामी और कैबिनेट मंत्री बहुगुणा का जताया आभार
डीडी चौक पर आतिशबाजी कर मिष्ठान वितरण किया, किच्छा के विकास को निरंतर रहेंगे प्रयास जारी
किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी और क्षेत्र के विकास को निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किच्छा में एक भव्य एवं आधुनिक कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 99 लाख 74 हजार की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने सीएम के साथ ही कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया। रविवार को दोपहर विधायक कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बेहड़ ने कहा कि यह कम्युनिटी हॉल किच्छा के विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। गरीब परिवारों को विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, साथ ही यहां विभिन्न मीटिंग, जनसभाएं और सामाजिक कार्यक्रम भी आसानी से आयोजित हो सकेंगे। कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा जनसुविधाओं को मजबूत करना और क्षेत्र का समग्र विकास करना है। उन्होंने बताया कि इस कम्युनिटी हॉल की मांग वर्ष 2022 से लगातार उठाई जा रही थी। विभिन्न मंचों पर इस प्रस्ताव को प्रमुखता से रखा गया। उन्होंने किच्छा कि 10 मुख्य विकास योजनाओं में भी इस प्रस्ताव को रखा था। परियोजना के लिए शुगर फैक्ट्री परिसर में भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा ने भूमि हेतु स्वीकृति भी प्रदान की थी। साथ ही संबंधित विभागों से आवश्यक स्वीकृतियां भी पूर्व में प्राप्त कर ली गई थीं। विधायक ने कहा कि यह कम्युनिटी हॉल किच्छा के विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी एवं ऐतिहासिक निर्णय के लिए सीएम धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किच्छा के विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उधर कार्यकर्ताओं ने डीडी चौक पर आतिशबाजी कर मिष्ठान वितरण किया। लोगों में भी कम्युनिटी हॉल की मांग पूरी होने पर उत्साह था। यहां पर पूर्व चेयरमैन दर्शन कोली, राजेश प्रताप सिंह, गौरव बेहड़ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
